राजकीय नेशनल कॉलेज के एक प्राध्यापक द्वारा छात्रा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर मंगलवार को कॉलेज में बवाल खड़ा हो गया। छात्र संगठन छात्रा के समर्थन में आ गए और प्राध्यापक के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रा ने प्राचार्या को लिखित मेें शिकायत देकर प्राध्यापक के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई। बाद में प्राध्यापक ने विद्यार्थियों के समक्ष छात्रा से हाथ जोड़कर माफी मांगी।
जानकारी के अनुसार नेशनल कॉलेज में बीए कर चुकी एक पूर्व छात्रा कुछ दिन पहले अपनी डीएमसी लेने कॉलेज में आई थी। छात्रा का कहना है कि उसकी डीएमसी प्राध्यापक बीआर थिंद के पास थी। उसने जब प्राध्यापक से अपनी डीएससी मांगी तो उन्होंने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। मंगलवार को उक्त छात्रा कॉलेज पहुंची और प्राचार्या को लिखित में अपनी शिकायत दी। शिकायत में छात्रा ने प्राचार्या को बताया कि प्राध्यापक ने उसके साथ जो व्यवहार और टिप्पणी की वो कोई भी लड़की सहन नहीं कर सकती। यह अति दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्र संगठन बाई ग्रुप को इस घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने कॉलेज में हंगामा कर दिया। बवाल बढ़ने के बाद प्राध्यापक थिंद ने प्राचार्या को माफीनामा लिखते हुए छात्रों के बीच हाथ जोड़कर छात्रा से माफी मांगी। तब कही जाकर छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।