दिल्ली के एमजी रोड महारोली स्थित एक कंपनी ने सिरसा के आढ़तियों से करोड़ों की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। कंपनी अधिकारी सिरसा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र कुमार के पास आए और उन्हें बताया कि उनकी कंपनी अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड का हजारों करोड़ का टर्नओवर है और कंपनी अमेरिका के न्यूयॉर्क स्टाक एक्सचेंज में भी लिमिटेड है। सिरसा आढ़ती एसोसिएशन कंपनी अधिकारियों पर भरोसा कर बैठी और सिरसा के कई आढ़ती करोड़ों की धोखाधड़ी का शिकार हो गए। फिलहाल पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता के निर्देश पर शहर थाना पुलिस ने कंपनी के डायेक्टर सहित 13 अधिकारियों के खिलाफ साजिश रचने, धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सिरसा कपास मंडी की दुकान नंबर 50 निवासी आढ़ती बुलाराम ने पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता दिए शिकायत पत्र में बताया कि वर्ष 2013 में अमीरा प्योर फूड प्रा.लि के डायरेक्टर राजेश अरोड़ा और अकाउंटेंट मानव ने सिरसा आकर उनके साथ संपर्क किया। उक्त दोनों ने कहा कि उनकी कंपनी चावल एक्सपोर्ट करने का काम करती है, कंपनी का टर्नओवर हजारों करोड़ रुपयों की है। इसके साथ ही कंपनी अमेरिया के न्यूयॉर्क स्टाक एक्सचेंज में भी लिमिटेड है। आढ़ती बुलाराम का कहना है कि डायरेक्टर राजेश अरोड़ा और अकाउंटेंट मानव पर विश्वास करके दोनों अधिकारियों को वह सिरसा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र कुमार व उप प्रधान राजेंद्र से मिलवाया। डायरेक्टर राजेश अरोड़ा ने आढ़ती एसोसिएशन से वादा किया कि कंपनी एसोसिएशन की सभी शर्तें मानेंगे और खरीदे गए चावलों का भुगतान तय समय पर करेंगे।
हरियाणा, पंजाब, यूपी और दिल्ली मंडी में बताया कारोबार
कंपनी अधिकारियों ने सिरसा के आढ़तियोें मेें भरोसा पैदा करने के लिए उनसे कहा कि उनकी कंपनी हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश व दिल्ली सहित कई अन्य राज्यों की मंडियों से भी चावल खरीदती है। कंपनी की शाख बहुत अच्छी है, क्योकि नौ दिनों के अंदर आढ़तियों की पेमेंट कर दी जाती है। कंपनी ये चावल ईरान, इराक सहित कई अरब देशों में निर्यात करती है। बुलाराम सहित सिरसा के कई आढ़तियों ने कंपनी अधिकारियों की बातों पर विश्वास कर लिया।
धक्के मारकर निकाला बाहर
आढ़ती बुलाराम ने जीरी खरीद कर कंपनी अमीरा प्योर फू ड प्रा. लि. पटोदी रोड गांव हरसरु जिला गुड़गांव ले जाना शुरू कर दिया। वर्ष 2013-14 सिरसा के कई आढ़तियाें ने एक करोड़, आठ लाख, 39 हजार 834 रुपये का चावल कंपनी को भेज दिया। तीन मार्च 2017 को आढ़ती बुलाराम अन्य आढ़तियों के साथ दिल्ली एमजी रोड महारोली स्थित कंपनी के ऑफिस पहुुंचा। उन्होंने कंपनी डायरेक्टर राजेश अरोड़ा और अकाउंटेंट मानव मृत्युजय मिश्रा से रुपया का भुगतान करने को कहा तो उन्होंने बुरा व्यवहार करते हुए आढ़तियों को धक्के मारकर और धमकियां देते हुए ऑफिस से निकाल दिया।
कुत्तों से कटवाकर मारने की धमकी
पीड़ित आढ़तियों ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि वो फिर से एकजुट होकर कंपनी के दिल्ली ऑफिस में गए तो कंपनी का डायरेक्टर राजेश अरोड़ा, अकाउंटेंट मानव, अनिल चानना, कर्म चानना, लाजपतराय, राहुल सूद, राधिका चानना, अर्पणा पुरी, अनिता दयाग, श्याम पोद्दार, अनिल गुप्ता व राम बाबू आदि वहां मौजूद थे। उक्त लोगों ने 10-12 युवकोें ऑफिस बुलाया। इन युवकोें ने उन्हें धमकी दी कि अगर अब रुपये मांगने वापस आए तो कुत्ते के बाड़े में छोड़ देंगे और कुत्ते नोंच-नोंच कर तुम्हें खा जाएंगे। कंपनी ने हरियाणा की कई मंडियों में इसी प्रकार से आढ़तियों से धोखाधड़ी करके करोड़ों रुपये ठगे हैं।
जल्द होगी गिरफ्तारी
आढ़ती बुलाराम की शिकायत पर कंपनी अमीरा प्योर फूड प्राइवेट लिमिटेड गुड़गांवा के डायरेक्टर राजेश अरोड़ा, अकाउंटेंट मानव, अनिल चानना, कर्म चानना, लाजपतराय, राहुल सूद, राधिका चानना, अर्पणा पुरी, अनिता दयाग, श्याम पोद्दार, अनिल गुप्ता और राम बाबू के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश रचने और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों ने एक करोड़, आठ लाख, 39 हजार 834 रुपये धोखाधड़ी की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- सुभाष कुमार, एएसआई, जांच अधिकारी।