संदिग्ध परिस्थितियों में पिछले 11 दिनों से लापता मार्बल कारोबारी रामपाल और उनके पारिवार के सदस्यों के शव बृहस्पतिवार शाम को राजस्थान सीमा स्थित राजस्थान कैनाल में मिले।
सिरसा पुलिस सीमा पर लगे सारे खुफिया कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी थी लेकिन सफलता नहीं मिली। खैरपुर चौकी प्रभारी और जांच अधिकारी राजेश कुमार ने चार दिनों से राजस्थान केनाल नहर में गोताखोरों की सहायता से सर्च अभियान चला रखा था।
जांच अधिकारी ने बताया कि उन्हें लग रहा था कि राजस्थान केनाल में कुछ सुराग मिलेगा जरूर। शाम को गोताखोरों को नहर के तल पर कार दिखी। इसकी सूचना मिलने पर डीएसपी कुलदीप बैनीवाल मौके पर पहुंचे। सिरसा पुलिस ने मामले की सूचना नजदीकी थाने तलवाड़ा झील व टिब्बी पुलिस को दी। टिब्बी पुलिस ने घटनास्थल तलवाड़ा झील का तो तलवाड़ा झील पुलिस ने टिब्बी पुलिस का होना बताया।
सिरसा पुलिस ने समय न गंवाते हुए ट्रैक्टर की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला। कार में लापता कारोबारी, उसकी पत्नी, बेटी और पुत्र के शव मिले। कई दिनों तक शव पानी में पड़े रहने से वे बुरी तरह गल चुके थे। कार नंबर के आधार पर पहचान होने के बाद पुलिस ने कारोबारी रामपाल के साले दिनेश व भाई धर्मपाल को सूचना दी।
वे घटना स्थल पर पहुंचे और सभी शवों की शिनाख्त की। राजस्थान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की जा रही है। शिकायत कर्ता ने भी किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया है।
गौरतलब है कि खन्ना कालोनी निवासी मार्बल कारोबारी 40 वर्षीय रामपाल को सात सितंबर को दिन अपनी बेटी अंकिता को दिल्ली स्थित स्कूल में छोड़ने जाना था। उसी दिन से 40 वर्षीय रामपाल, उसकी पत्नी 38 वर्षीय संतोष देवी, 17 वर्षीय पुत्री अंकिता व 15 वर्षीय पुत्र रितिक लापता थे।
नौ सितंबर को कारोबारी के साले आदमपुर निवासी दीपक ने खैरपुर चौकी में रपट दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके लापता परिवार की तलाश शुरू कर दी
शिव मंदिर में धोक लगाने जा रहा था परिवार
कारोबारी रामपाल का परिवार राजस्थान के मुड़ा क्षेत्र स्थित प्राचीन शिव मंदिर में हर साल धोक लगाने जाता था। जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पड़ोस के लोग भी कह रहे थे कि रामपाल को परिवार के साथ मुड़ा जाना था।
सात सितंबर की रात को वह पत्नी और बच्चों के साथ कार में सवार होकर सिरसा से रवाना हुआ। तलवाडा-टीबी मार्ग पर संभवत कार अनियंत्रित होकर राजस्थान केनाल में जा गिरी जिससे पूरे परिवार की डूबने से मौत हो गई।
राजेश कुमार, जांच अधिकारी एवं खैरपुर चौकी प्रभारी।