हिसार मार्ग पर स्थित नहर कालोनी के सामने गोबिंद नगर की गली में एक युवक वृद्धा का नकदी व अन्य दस्तावेजों से भरा बैग छीनकर फरार हो गया। वृद्धा की शिकायत पर पुलिस ने युवक की तलाश की पर कोई सुराग नहीं लग सका।
वृद्धा निर्माण कौर ने बताया कि वह कुछ दिनों से दिल्ली में अपनी बेटी के पास मिलने गई हुई थी। मंगलवार रात करीब 11 बजे बस से सिरसा पहुंची थी।
उन्होंने बताया कि उनके पास एक बैग था, जिसमें लगभग 21 हजार रुपये, बैंक की पासबुक, आधार कार्ड, कपड़े, मोबाइल तथा घर की चाबियां थीं। जैसे ही वह अपने घर की गली के पास पहुंची तो गली के नुक्कड़ पर पहले से ही एक युवक को बाइक के पास खड़ा पाया।
इस पर उन्होंने उसे टोका तो उसने बताया कि वह अपने दोस्त का इंतजार कर रहा है। इसके बाद जैसे ही वह आगे बढ़ी तो उक्त युवक ने उन्हें पीछे से धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए बैग छीनकर फरार हो गया।
जब उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित हुए, लेकिन तब तक आरोपी गायब हो चुका था। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया और उन्हें शिकायत सौंपी।