हाई वोल्टेज तारों से निकली चिंगारी से लगी आग, तूडी का कूप और 2 भैंसें जलीं
रानियां। हरिपुरा से बाहिया रोड़ पर गांव बाहिया के पास रिछपाल सिंह की ढाणी में हाई वोल्टेज से आग लगने से एक तूडी का कूप और 2 भैंसें जल गई। दमकल विभाग की टीम ने पहुंच कर आग पर काबू पा लिया है।
पीड़ित रिछपाल सिंह ने बताया कि उनकी ढाणी के पास से 11 के.वी. वोल्टेज की खेतों की लाइन है। ढाणी के पास ही उसने 15 ट्राली तूडी का कूप बनाया हुआ था और इसके पास ही भैंसें बंधी हुई थी। शॉट सर्किट के कारण पास से गुजर रही 11 के.वी. वोल्टेज से चिंगारी कूप पर गिर गई। इससे सारी तूड़ी और पास बंधे हुए 2 पशु भी जल गए। पशुओं का उपचार चल रहा है। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पीड़ित ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
वहीं बिजली के शार्ट सर्किट के कारण सुलतानपुरिया रोड स्थित खेतों में गेहूं के भूसे में आग लग गई। आग के कारण करीब दस एकड़ भूसा जलकर राख हो गया। आसपास के किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सुलतानपुरिया रोड पर किसान वेदप्रकाश, राधेश्याम ने बताया कि उनकी जमीन के बीच में ही बिजली की हाईवोल्टेज की तारें गुजरती है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे बिजली की तारों में शार्ट सर्किट हो गया और गेहूं के भूसे में आग लग गई है। किसान वेदप्रकाश ने बताया कि दो-तीन बार फोन करने के बाद भी दमकल विभाग में किसी ने उनका फोन नहीं उठाया। आसपास के किसानों के साथ मिलकर उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया। किसानों ने मिट्टी, पानी व अन्य यंत्रों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी है, लेकिन फिर भी विभाग नहीं चेत रहा। बिजली की तारें उनके खेत के बीच में से होकर गुजरती है। इन तारों को यहां से हटवाने के लिए वह कई बार निगम कार्यालय में प्रार्थना पत्र दे चुके है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसानों की मांग है कि इन तारों को यहां से हटवाया जाए।