डबवाली। वार्ड नंबर आठ की एकता नगरी में शनिवार रात नौ बजे के करीब दो कार सवार अज्ञात युवकों ने अपने घर के दरवाजे पर खड़े व्यक्ति का अपहरण करने का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर गली में लोगों को एकत्रित होता देख कार सवार दोनों अज्ञात युवक कार लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित व्यक्ति ने इस घटना को लेकर रविवार को शहर थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायत देकर कार सवार अज्ञात युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित व्यक्ति तरसेम कुमार उर्फ बिट्टू मिढा ने बताया कि वह वार्ड नंबर आठ एकता नगरी, गली नंबर चार में रहता है। बीती रात्रि नौ बजे के करीब मैं घर के मेन दरवाजे पर खड़ा था। एक कार मेरे सामने आकर रुकी, कार में सवार दो युवक सवार थे, एक युवक ने मेरे से राम निवास मेहता का घर पूछा, जिसके बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं थी। इसलिए मैंने मना कर दिया। इस दौरान एक लड़का मेरे नजदीक आ गया और मेरा गिरेबां पकड़कर मुझे कार की तरफ खींचने लगा। इतने में दूसरा लड़का, जिसने अपना मुंह रुमाल से ढका हुआ था। कार से उतरा और दोनों ने मिलकर मुझे कार में धकेलना चाहा, मैं नीचे गिर गया। मैंने शोर मचाया तो मेरी पत्नी घर से बाहर आ गई, उसने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। आस-पड़ोस के लोगों को एकत्रित होता देख मुझे छोड़कर दोनों युवक कार में सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित व्यक्ति तरसेम कुमार ने मांग की है कि अज्ञात कार सवार युवकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।