मीरपुर कॉलोनी से युवती का अपहरण, केस दर्ज
सिरसा। शहर की एक कॉलोनी से अज्ञात युवक एक युवती का अपहरण कर ले गया। इस संबंध में युवती के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में युवती के पिता ने बताया कि 1 मई की सुबह करीब पौने दस बजे कोई अज्ञात युवक उसकी बेटी का अपहरण कर उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले गया। उन्होंने अपने स्तर पर हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थेहड़ मोहल्ला से मां-बेटा तो शाहपुर बेगू से युवती लापता
सिरसा। शहर के एक मोहल्ला से मां-बेटा और एक गांव से एक युवती संदिग्ध हालत में लापता हो गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पहले मामले में शाहपुर बेगू निवासी युवती के पिता ने बताया कि 1 मई की सुबह उसकी बेटी अचानक घर से लापता हो गई। उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। दूसरे मामले में थेहड़ मोहल्ला निवासी महिला के पति ने बताया कि 30 अप्रैल को 10 बजे से 2 बजे के बीच उसकी पत्नी व उसका मासूम बेटा घर से लापता हैं।
गाड़ी चोरी करने का प्रयास
सिरसा। शहर की चोपड़ा वाली गली में बुधवार रात गाड़ी का शीशा तोड़कर उसे चोरी करने का प्रयास किया गया है। गनीमत रही कि कार स्टार्ट नहीं हुई। इस मामले की शिकायत कार मालिक ने पुलिस को दी है। गाड़ी मालिक सुनील ने बताया कि उसकी क्रेटा गाड़ी रात को दुकान के बाहर खड़ी की थी। देर रात तीन चोर गाड़ी चोरी करने के लिए आए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरों ने पहले उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ा फिर अंदर बैठकर उसे स्टार्ट करने का प्रयास किया है मगर गाड़ी स्टार्ट नहीं हो पाई। इसके बाद चोर गाड़ी छोड़कर भाग खड़े हुए। गाड़ी मालिक सुनील कुमार का कहना है कि पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई। पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।