फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजुआना में पेट्रोल पंप पर फिर हुई लूट, फायर कर 60 हजार लूटकर ले गए नकाबपोश

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
ओढां।
जिला पुलिस चोर लुटेरों के आगे बेदम होकर रह गई है। पंजुआना और ओढां में पेट्रोल पंपों पर कुछ समय पूर्व हुई चार लूट की घटनाओें में अभी लकीर ही पीट रही थी कि लुटेरों ने एक बार फिर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंप पर लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे डाली। लुटेरे फायरिंग करते हुए 60 हजार रुपये की राशि लूटकर ले गए।
गौरतलब हो कि करीब डेढ़ माह के अंतराल में उक्त पंप पर लूट की ये दूसरी घटना है। सूचना पाकर पुलिस ने जिले की सभी सीमाएं सील कर दीं, लेकिन हर बार की तरह लुटेरे पुलिस को गच्चा दे गए। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर नौ पर बडागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव पंजुआना में राजेंद्र स्कूल के सामने स्थित सिटी पेट्रो स्टेशन पर रविवार रात्रि एक गाड़ी आई। पंप बंद होने के बाद पंप पर मौजूद कारिंदे अमित, बलवीर और सुनील तीनों कमरे में थे। गाड़ी सवारों ने जब हॉर्न बजाया तो एक कारिंदे ने बाहर आकर कहा कि पंप बंद हो चुका है इसलिए तेल नहीं मिलेगा। इसी दौरान नकाबपोश तीन व्यक्ति तुरंत गाड़ी से उतरे और कारिंदे की कनपटी पर रिवॉल्वर तान दिया और उसे कमरे के अंदर ले गए। लुटेरों ने तीनों कारिंदों से मारपीट करते हुए नकदी उनके हवाले करने की बात कही। कारिंदे पहले तो नकदी से इंकार करते रहे, लेकिन जब उन्होंने उनसे मारपीट करते हुए गोली मार देने की चेतावनी दी तो उन्होंने 60 हजार रुपये की नकदी उनके हवाले कर दी। लुटेरे जाते-जाते तीन हवाई फायर भी कर गए।
विज्ञापन


छत में छुपी डीवीआर ले गए लुटेरे
उक्त पंप पर डेढ़ माह पूर्व हुई लूट के बाद पंप मालिक ने सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर छत में छुपाकर लगा रखी थी और केबिन में लगी एलईडी बंद कर रखी थी, ताकि किसी को ये पता न चले की सीसीटीवी चल रहे हैं। नकदी छीनने के बाद लुटेरों ने कारिंदों से सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर बारे में पूछा, लेकिन कारिंदों ने उन्हें इस बारे जानकारी न होने की बात कही। इस जवाब पर लुटेरों ने कारिंदों के साथ मारपीट की तो एक कारिंदे ने छत में छुपाकर रखी हुई डीवीआर के बारे बता दिया जो लुटेरे अपने साथ ले गए। इस घटना को करीब 10 मिनट में अंजाम देेने के बाद लुटेरों ने कारिंदों के मोबाइल छीन लिए और उन्हें कमरे में बंद कर फरार हो गए। लुटेरों के जाने के बाद कारिंदे केबिन का शीशा तोड़कर बाहर निकले और नजदीक ही स्थित एक ढाणी में जाकर उनके मोबाइल से पंप के मालिक देवेंद्र कुमार को सूचना दी। सूचना पाकर बड़ागुढ़ा पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचते हुए जिलेभर में नाकाबंदी करवाई लेकिन लुटेरे पुलिस को गच्चा दे गए।

पंप तो आठ बजे ही बंद कर दिया था
हमारे पंप पर डेढ़ माह के अंतराल में लूट की ये दूसरी वारदात है। उक्त घटना के बाद से हम आठ बजे के आसपास पंप बंद कर देते हैं। मैं सवा छह बजे पंप से कैश लेकर निकल गया था। हमनें डीवीआर भी छुपाकर लगाई थी लेकिन लुटेेरे वो भी साथ ले गए। अगर लुटेरे इसी तरह घटना को अंजाम देते रहे तो पंप चलाना तो दूर लोगों का घर से निकलना भी मुहाल हो जाएगा।
-देवेंद्र कुमार, पम्प मालिक (सिटी पेट्रो स्टेशन)

31 अक्तूबर की रात से शुरू हुआ था लूट का सिलसिला
पिछले करीब तीन माह के अंतराल में जिला में पंप और अन्य लूट की घटनाओं में इजाफा हुआ है।
1. 31 अक्तूबर की रात को पंजुआना के मॉर्डन फिलिंग स्टेशन पर कांपे, रॉड और पिस्तौल से लैस होकर चार युवकाें ने कारिंदों से गन प्वाइंट 40 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल छीनते हुए मारपीट की। लुटेरों की फुटेज सीसीटीवी में कैद होने के बाद भी कोई सुराग नहीं।
2. दो नवंबर को पंजुआना के सिटी पेट्रोल पंप पर हथियारों से लैस लुटेरों ने कारिंदों से एक लाख 60 हजार रुपये की नकदी, लैपटॉप और मोबाइल लूटे।

3. छह नवंबर को ओढां में एसडी पेट्रोज पर गाड़ी सवार तीन युवकों ने कारिंदों को केबिन में बंद कर 13 हजार रुपये की लूटपाट की।

4. तेरह नवंबर को साहुवाला प्रथम के गजराज पेट्रो सिटी से लुटेरोें ने गन प्वाइंट पर 50 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल की लूटपाट। इसके अलावा भी पन्नीवाला मोटा और पन्नीवाला मोरिकां में शराब ठेके पर लूटपाट, नुहियांवाली में कपड़ा विक्रेता से लूटपाट और सावंतखेड़ा एवं कालांवाली में लूटपाट की कई घटनाएं हो चुकी हैं।

काम नहीं आया इनाम
पुलिस ने पंप लूटपाट की घटनाओं के बाद लुटेरों के स्केच जारी करते हुए एक लाख रुपये का इनाम भी रखा लेकिन फिर भी लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया। पेट्रोल पंपों पर लूटपाट की बढ़ रही घटनाओं के बाद जहां पंप संचालकों में अपनी सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन


लूट की सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय विजय कक्कड, सीआईए टीम,स्पेशल स्टाफ टीम मौके पर पहुंच गई थी। जिस तरह से लूट की पहली वारदातों को अंजाम दिया गया था ठीक वैसा ही तरीका इस बार अपनाया गया है, लूट में शामिल गिरोह की पहचान कर ली गई है जिसका सरगना सिरसा जिले के ही एक गांव ही है। डीएसपी के आदेश पर पांच टीमों का गठन हुआ है जो लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है । साथ ही लूट की सभी पुरानी फाइलें खंगाली जा रही है।
-कंवर सिंह, थाना प्रभारी बडागुढ़ा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें