अमर उजाला ब्यूरो
(सिरसा)ओढां। गांव सालमखेड़ा केे निकट एक ट्रक ने सेना के तीन वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को काबू कर ट्रक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सालमखेड़ा नहर के निकट एक होटल पर सेना के जवान अपने ट्रकों को रोककर चाय पी रहे थे कि सिरसा की ओर से डबवाली की ओर जा रहे एक ट्रक ने सैन्य वाहनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में सेना के तीन ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद सेना के जवानों ने ट्रक चालक ओमप्रकाश व परिचालक रामेश्वर को काबू कर ओढां पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक और परिचालक निवासी भरतपुर दोनों ने शराब का सेवन कर रखा था। ट्रक को परिचालक रामेश्वर चला रहा था और चालक ओमप्रकाश साइड में बैठा था। थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने बताया कि चालक परिचालक दोनों का मेडिकल करवाया गया, जिसमें शराब की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूबेदार राकेश कुमार की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक-परिचालक दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।