अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
बैंक अधिकारी बनकर एक व्यापारी से पांच लाख रुपये से अधिक की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। ठगों ने 40 लाख रुपये का लोन जारी करने का झांसा देकर ठगी की। मामले में शिकायत पर शहर सिरसा पुलिस ने हर्ष मित्तल, हरिनारायण कुलकर्णी और आलोक गुप्ता के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है।
सिविल अस्पताल रोड निवासी कृष्ण गोयल ने पुलिस महानिदेशक को भेजी शिकायत में बताया कि उसके पास हर्ष मित्तल का फोन आया। उसे बताया गया कि वे बैंक से बोल रहे हैं। बैंक लोन की एवज में उससे कहा गया कि 40 लाख रुपये के ऋण की एवज में उसे पांच लाख 24 हजार 100 रुपये जमा करवाने होंगे। चूंकि उसे ऋण की आवश्यकता थी, इसलिए उसने फोन पर बताए गए विभिन्न बैंकों और खातों में यह राशि जमा करवा दी। उन्होंने बताया कि उसने 13 जुलाई 2017 से 25 अक्तूबर 2017 तक सवा पांच लाख रुपये की राशि अलग-अलग खातों में जमा करवाई है। उन्होंने एक्सिस बैंक दिल्ली, इंदुसिंड बैंक दिल्ली, बैंक आफ इंडिया गाजियाबाद, उशमाल फाइनेंस बैंक गाजियाबाद में राशि जमा करवाई। उसने बताया कि जब उसने बैंक जाकर ऋण राशि के बारे में पता किया तो पता चला कि बैंक ओर से कोई पैसा नहीं मांगा गया है, जबकि हर्ष मित्तल, हरिनारायण कुलकर्णी और आलोक गुप्ता ने इसके बाद भी उसे फोन करके डेढ़ लाख रुपये की मांग की। उसे बैंक ऑफ बड़ौदा और बंधन बैंक की दिल्ली शाखाओं के अकाउंट नंबर भी भेजे। पैसा न भेजने पर धमकी भी दी। शिकायतकर्ता ने बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने वालों से अपने परिवार को भी खतरा बताया। मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।