सिरसा। ऑनलाइन मोबाइल खरीदने की चक्कर में डेंटल कॉलेज का एक छात्र ठगी का शिकार हो गया। मोबाइल मालिक ने उससे 15 हजार रुपये हड़प लिए और मोबाइल भी नहीं दिया। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 14 निवासी राहुल वर्मा जेसीडी डेंटल कॉलेज में सर्जन का कोर्स कर रहा है। राहुल के मुताबिक उसने ओएलएक्स पर एक मोबाइल का विज्ञापन देखा था। मोबाइल खरीदने के लिए ओएलएक्स में दिए गए मोबाइल नंबर से संपर्क किया तो उसने श्रीकांत नाम बताते हुए खुद को सीआईएसएफ का जवान बताया। और जोधपुर आर्मी कैंट में तैनात होने की बात बताई। 42 हजार के मोबाइल के लिए उसने पांच हजार रुपये एडवांस मांगे। और बाकी रुपये मोबाइल की डिलीवरी होने पर देने को कहा। उसने इसके लिए अपना आधार कार्ड मुझे व्हाट्सअप पर भेज दिया। जिसके बाद पांच जून को राहुल ने पेटीएम के माध्यम से श्रीकांत को पांच हजार रुपये भेज दिए। लेकिन श्रीकांत ने कोरियर से मोबाइल नहीं भेजा। अगले दिन श्रीकांत ने बहाना बनाकर दस हजार रुपये और ऐंठ लिए। लेकिन उसके बाद भी मोबाइल नहीं भेजने पर राहुल द्वारा रुपये वापस मांगने पर श्रीकांत ने गाली गलौज करते हुए मोबाइल बंद लिया। राहुल ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत हुडा चौकी में दी। जांच अधिकारी बनवारी लाल का कहना है कि आरोपी श्रीकांत के खिलाफ धोखाधड़ी का अभियोग दर्ज किया गया है।