टाउन पार्क की दीवार से टकराई अनियंत्रित कार, हादसा टला
सिरसा। डबवाली रोड एक अनियंत्रित कार ने टाउन पार्क की रेलिंग और दीवार तोड़ दी। इस हादसे में एक महिला बाल-बाल बच गई। एक चाय विक्रेता ने भी भागकर अपनी जान बचाई। कार चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम एक कार चालक डाकखाने की ओर से आ रहा था। क्रॉसिंग करते वक्त कार की गति अधिक होने के कारण चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। कार अनियंत्रित होकर पहले फुटपाथ से टकराई। इसके बाद एक महिला उसकी चपेट में आते-आते बची। पार्क की रेलिंग के पास चाय की दुकान करने वाले व्यक्ति ने भाग कर जान बचाई। इसके बाद कार पार्क की दीवार से जा टकराई। जिससे रेलिंग टूट गई और दीवार के पत्थर दूर जा गिरे। कार चालक बाल-बाल बच गया। कार की टक्कर से पार्क की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक मौके से गाड़ी लेकर भागने में कामयाब हो गया। गौरतलब है कि टाउन पार्क के आसपास अवैध रूप से कार पार्किंग स्थल बने हुए हैं। हुडा कांप्लेक्स परिसर में कार मेला लगता है। ये कारें चौक से होते हुए फिर से मेला स्थल पर पहुंचती हैं। भीड़ वाला क्षेत्र होने के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं।