रानियां। रानियां के वार्ड नंबर नौ स्थित कबीर बस्ती के समीप 11 हजार वोल्टेज की तार गिरने से तीन महिलाएं झुलस गईं। महिलाओं को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जिसमें एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही हैं।
वार्ड नंबर नौ के समीप झुग्गी झोपड़ियों और आबादी से ऊपर से 11 हजार वोल्टेज की लाइन गुजर रही है, जो रानियां 220 केवी पावर हाउस से नानूआना जा रही है। वार्डवासियों के अनुसार ये लाइन काफी नीची है और जर्जर अवस्था में है। सोमवार को अचानक हाई वोल्टेज की तार टूटकर गिर गई। जब तार गिरी उस समय बस्ती में झुग्गी झोपड़ियों में महिलाएं घरेलू काम में व्यस्त थी, जिससे तीन महिलाएं झुलस गईं। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। तार टूटकर नीचे गिरने के कारण वार्डवासियों में रोष व्याप्त हो गया। रोष स्वरूप वार्डवासियों ने रानियां थाना में जाकर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शन किया। वार्डवासियों ने बिजली निगम पर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई क रने की बात कहीं।
घटना की जानकारी मिलते बिजली निगम के एसडीओ और थाना प्रभारी सूरजभान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत करवाया। निगम के एसडीओ ने बिजली की तारों को ऊंचाई पर करवाने और नीचे जाल लगवाकर ग्रामीणों को उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलवाया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।