तीन नकाबपोशों ने गड़रिया से 78 हजार रुपये लूटे
ओढां। गांव लहंगेवाला के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश एक गड़रिया से 78 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रोड वी सीआईए पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने गड़रिया रणजीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में नटार निवासी रणजीत सिंह ने बताया कि बुधवार शाम वह एक गाड़ी में भेड़-बकरियां भरकर पंजाब की मौड़-मंडी में बेचकर वापस आ रहा था। लहंगेवाला से पनिहारी कच्चे रास्ते से वापस नटार जाते समय रास्ते में बाइक सवार तीन नकाबपोशों ने उसे रोक लिया। वाहन रुकते ही उन्होंने चाकू और डंडा दिखाकर उससे मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी उससे 77 हजार 900 रुपये छीन ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद रोड़ी पुलिस, सीआईए सिरसा व डीएसपी कालांवाली नरसिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लुटेरों की धर पकड़ के लिए जिलाभर में नाकाबंदी करवाई, लेकिन लुटेरों का कुछ पता नहीं चला। थाना प्रभारी सत्यवान शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि मंगलवार को गांव कालांवाली मेें भी नकाबपोशों ने एक पेट्रोल पंप से करीब 35 हजार रुपये की नकदी लूट ली थी।