लूट के प्रयास के तीन आरोपी गिरफ्तार, एक दिन की रिमांड पर
हजारों रुपयों की सट्टाराशि के साथ एक काबू
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
बड़ागुढ़ा थाना पुलिस ने बीती 24 दिसंबर की रात्रि को साहुवाला प्रथम क्षेत्र में एक दूध व्यवसायी से लूटपाट का प्रयास करने के मामले में घटना के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह, कुलदीप सिंह और हरप्रीत सिंह निवासीगण सूबाखेड़ा के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को सिरसा अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान पकड़े गए तीनों लोगों से विस्तार से पूछताछ की जाएगी और पूछताछ के दौरान किसी अन्य वारदात के बारे में खुलासा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इस संबंध में साहुवाला प्रथम निवासी उदयवीर पुत्र ओम प्रकाश की शिकायत पर बड़ागुढ़ा थाना में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उधर, जिला की स्पेशल स्टाफ पुलिस ने गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थल पर सट्टाखाईवाली करते अरुण कुमार निवासी गली तेलियावाली को 5160 रुपये की सट्टाराशि के साथ एलआईसी ऑफिस के सामने से काबू किया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ शहर थाना सिरसा में अभियोग दर्ज किया गया है।