अमर उजाला ब्यूरो
ओढ़ां। नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो चंडीगढ़ की टीम ने रविवार को सिरसा के ओढां क्षेत्र से बस में सवार एक तस्कर को पांच किलो 750 ग्राम अफीम सहित काबू किया। पूछताछ में आरोपी तस्कर की पहचान अनवर मियां निवासी सोनपुरवा जिला पलामू झारखंड के रूप में हुई है। नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो की टीम आरोपी तस्कर को अपनी हिरासत में लेकर चंडीगढ़ रवाना हो गई है। आरोपी को सोमवार सुबह सिरसा अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के सहायक निदेशक मोहिंदर जीत सिंह को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि सिरसा में रहने वाला एक व्यक्ति बड़े पैमाने पर अफीम की तस्करी करता है। उक्त व्यक्ति झारखंड से अफीम मंगवाता है। नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो ने गुप्तचर से अफीम की सिरसा में डिलीवरी देने वाले शख्स का पता लगा लिया। इसके बाद उसके मोबाइल नंबर से उसकी लोकेशन ट्रेस की जाने लगी। रविवार सुबह नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो की एक टीम सिरसा पहुंची। मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम सिरसा के गांव ओढां पहुंची और बस मेें सवार एक व्यक्ति को अपनी हिरासत में ले लिया। उसके पास से टीम को एक बैग मिला, बैग की तलाशी ली तो उसमें से पांच किलो 750 ग्राम अफीम बरामद हुई। अनवर को हिरासत में लेकर नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो की टीम अपने साथ लेकर ओढां थाने में गई और अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
लोकल पुलिस के इंटेलीजेंस नेटवर्क पर सवालिया निशान
इस घटना ने एक बार फिर से सिरसा जिला पुलिस के इंटेलिजेंस नेटवर्क पर सवालिया निशान लगा दिया है। सिरसा में रहने वाला एक शख्स बड़े पैमाने पर सिरसा में अफीम तस्करी कर रहा है, लेकिन इसका पता जिला पुलिस को नहीं चला। सिरसा से 250 किलोमीटर दूर चंडीगढ़ नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो को इसका पता चला तो उसने सिरसा पहुंचकर रंगे हाथों अफीम की डिलीवरी देने वाले शख्स को दबोच लिया। ऐसे में जिला पुलिस के तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर सवाल खड़ा होना लाजमी है।
तत्कालीन एसपी ने पूरे सीआईए स्टाफ को कर दिया था सस्पेंड
पांच मई 2015 को भी नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो चंडीगढ़ की टीम ने सिरसा से एक तस्कर को 36 किलो अफीम सहित गिरफ्तार किया था। इसके बाद तत्कालीन एसपी अश्विन शैणवी ने जिला पुलिस के फेलियर पर कड़ा संज्ञान लिया और पूरे सीआईए स्टाफ को ही सस्पेंड कर दिया था। इसके अलावा एसपी ने पूरे मामले की जांच बैठा दी थी। कई पुलिसकर्मियों की विभागीय जांच शुरू करते हुए उनके जिले ही बदल दिए गए थे।
आरोपी अनवर को सोमवार सुबह सिरसा अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में कई लोग शामिल हैं, जल्द ही उनका पता लगाकर उन्हें हिरासत में लिया जाएगा। अनवर ने ये अफीम सिरसा में रहने वाले एक शख्स को देनी थी।
- मोहिंदर जीत सिंह, सहायक निदेशक चंडीगढ़, नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो।