बाजार में खरीदारी करने आई महिला से चेन छीनी
सिरसा। बाजार में खरीदारी के लिए आई एक महिला के गले से बाइक सवार दो युवक सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रानियां बाजार निवासी उषा देवी पत्नी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपनी छोटी बच्ची के साथ बाजार में खरीदारी के लिए गई थी। गली अरोड़ा सुनारों वाली में बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और उसके गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन छीनकर ले गए। शोर मचाने पर गली में काफी लोग एकत्रित हो गए। कुछ लोगों ने युवकों का पीछा किया लेकिन बाइक सवार दोनों युवक उनके हाथ नहीं आए। इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उषा देवी का बयान दर्ज किया। जांच अधिकारी मुकेश कुमार का कहना है कि पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्त में लिया जाएगा।
एक सप्ताह में दूसरी घटना
पांच फरवरी को भी कीर्ति नगर की गली नंबर तीन में तीन युवक गली में खड़ी एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे। कीर्ति नगर निवासी मनीषा घर के बाहर गली में खड़ी थी। इस दौरान पीछे से पैदल आए तीन युवकों में से एक ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली। इसके बाद तीनों युवक थोड़ी दूर पैदल भागे और फिर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। शोर मचाने पर काफी गलीवासी एकत्रित हो गए। लोगों ने फरार हुए युवकों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।