क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए पांच सट्टेबाज काबू
ऐलनाबाद। सीआईए सिरसा व ऐलनाबाद पुलिस ने शनिवार की रात को किराये के मकान में क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए पांच सट्टेबाजों को काबू किया। सीआईए टीम ने मौके से चार लैपटॉप, एक माइक, तीन सेट अप बॉक्स, दो वाई फाई, तीन कैलकुलेटर, एक कीपैड, एक मोबाइल अटैच चार्जर सूटकेस, चार रिमोट, 37 मोबाइल फोन, दो एक्सटेंशन बोर्ड, तीन लैपटॉप अडॉप्टर, चार रजिस्टर व 1.5 लाख की नगदी बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनोद उर्फ रिंकू, हरमिंद्र सिंह वासी हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी हनुमानगढ़ जंक्शन, रामगोपाल वासी हनुमानगढ़ जंक्शन, प्रवीण कुमार वासी जवाहर नगर गंगानगर व समरजीत सिंह उर्फ पिंकु वासी हनुमानगढ़ जंक्शन के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी केवल कृष्ण वासी हनुमानगढ़ रोड के एक मकान में क्रिकेट बुकी का कारोबार कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार सीआईए सिरसा पुलिस टीम शनिवार को हनुमानगढ़ रोड ऐलनाबाद के नजदीक मौजूद थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि हनुमानगढ़ रोड पर एक किराए के मकान में भारत-वेस्टइंडीज के बीच हो रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने हनुमानगढ़ रोड पर एक किराये के मकान पर छापा मारा। छापामारी के दौरान सभी आरोपी फोन व ऑनलाइन सिस्टम से भारत व वेस्टइंडीज के बीच चल रहे तीसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच के ऊपर सट्टा लगा रहे थे। छापामारी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से 1.5 लाख रुपये की नकदी व अन्य सामान बरामद हुआ।
सीआईए व ऐलनाबाद पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हनुमानगढ़ रोड स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर क्रिकेट मैंच पर सट्टा लगाते पांच सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से डेढ़ लाख की नकदी व क्रिकेट सट्टे में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला है। आरोपियों के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में केस दर्ज किया गया है।
-इंस्पेक्टर दलेराम, सीआईए प्रभारी सिरसा।