अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली। शहर थाना पुलिस ने वीरवार रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान बाइक सवार बाप-बेटे को प्रतिबंधित नशीली गोलियां व चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर थाना डबवाली की एक पुलिस टीम बीती रात्रि चौटाला रोड स्थित बिश्नोई धर्मशाला के समीप एसआई छबील दास के नेतृत्व में नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो व्यक्तियों ने पुलिस टीम को सामने देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने दोनों को बाइक सहित दबोच लिया। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से 160 गोलियां ट्रामाडोल, 180 नशीले कैप्सूल और एक किलोग्राम के करीब चूरापोस्त बरामद किया। आरोपियों की पहचान वार्ड 6 निवासी संदीप सिंह पुत्र ज्ञान सिंह व उसके पिता ज्ञान चंद के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नशे का काला कारोबार करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील है कि यदि कहीं नशा बिकता देखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
-इंस्पेक्टर हवा सिंह, शहर थाना प्रभारी डबवाली।