हिंसा में शामिल दो और उपद्रवी गिरफ्तार
अब तक 47 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस, आरोपियों को भेजा गया हिसार सेंट्रल जेल
सिरसा।
डेरा मुखी को साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद सिरसा में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने दो और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक ने न्यूज चैनल के दो मीडिया कर्मियों पर हमला किया था, जबकि दूसरे आगजनी और सुरक्षा बलों पर हमला करने में शामिल रहा। दोनाें आरोपियों की पहचान रमन निवासी पुरानी तहसील सिरसा और अरविंद्र निवासी प्रीत नगर सिरसा के रूप में हुई। उक्त दोनों की पहचान वीडियो फुटेज खंगालने के दौरान हुई है, जिसमें ये हिंसा करते नजर आ रहे हैं। दोनों आरोपियों को सोमवार दोपहर पुलिस ने अदालत में पेश किया।
बता दें कि हिंसा मामले की जांच के दौरान पुलिस को डेरा सच्चा सौदा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और डेरा की आईटी विंग के हेड विनीत से बरामद हार्ड डिस्क को खंगालने पर उपद्रव में शामिल लोगों की सैकड़ों फुटेज मिली। वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस उपद्रवियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी हुई है। अभी तक 47 उपद्रवियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है और हजारों अन्य उपद्रवियों की तलाश जारी है। हिंसा में बेगू गांव के बिजली घर और वीटा मिल्क प्लांट को आग लगा दी गई थी। उपद्रवी हथियार और पेट्रोल बम लेकर सिरसा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे, सुरक्षा बलों ने इन्हें रोका तो उपद्रवियों ने उनका हमला कर दिया। शहर को उपद्रवियों से बचाने के लिए सुरक्षा बलों को फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें छह उपद्रवी मारे गए। गिरफ्तार रमन और अरविंद्र को अदालत में पेश करने के बाद अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सुरक्षा कारणों के चलते दोनों को सिरसा जेल की बजाए हिसार सेंट्रल जेल भेजा गया है।