अनाज मंडी में दुकान से गेहूं चोरी
कालांवाली।
अनाज मंडी स्थित दुकान से 17 जून रात चोर ताला तोड़कर हजारों रुपये का गेहूं चोरी कर ले गए। चोरी के बारे में सुबह पता चलने पर दुकान संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को दी शिकायत में मंडी कालांवाली निवासी हर्ष जैन पुत्र बाबूराम ने बताया कि वह अनाज मंडी में आढ़त की दुकान करता है। उसने बताया कि 17 जून की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चला गया। सुबह जब दुकान पर लौटा तो देखा दुकान के ताले टूटे पड़े थे। अंदर जाकर देखा तो दुकान से सात क्विंटल गेहूं चोरी मिला। उसने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला लापता
कालांवाली। संदिग्ध परिस्थितियों में गांव रोड़ी से एक महिला लापता हो गई। महिला के पति की शिकायत पर थाना रोड़ी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव रोड़ी वासी गोविंद सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी 15 जून को घर से गांव रोहण में रिश्तेदारी में गई थी। लेकिन वह न रिश्तेदारी में पहुंची और न ही वापस घर लौटी। पहले तो उसने अपनी पत्नी की अपने स्तर पर तलाश की। लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।