रोड किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई बाइक, एक की मौत
सिरसा। सिरसा-डबवाली रोड पर स्थित घग्गर पुल के निकट रविवार की सायं को रोड किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्राली से एक बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया। ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया।
पुलिस को दिए बयान में शहर के वार्ड नंबर 8 स्थित बूटा कॉलोनी निवासी फूलचंद ने बताया कि वह परिवार सहित काफी सालों से यहां रह रहा है और मजदूरी करता है। उसने बताया कि रविवार की सायं उसका भाई हरीचंद्र उनके पड़ोसी अवदेश के साथ किसी काम से बाइक पर पंजुआना गए थे। देर सायं वापस लौटते समय घग्गर पुल के निकट रोड किनारे एक ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी थी। अंधेरा होने व सामने के वाहन की लाइट पड़ने के कारण बाइक रोड किनारे खड़ी ट्राली से जा टकराया। हादसे में दोनों को काफी चोटें लगीं। आसपास के लोगों ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में पहुंचाया। जहां हरीचंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि अवदेश को भी काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।