ऐलनाबाद । गांव मेहनाखेड़ा के अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले करीब 20 परिवारों ने गांव के ही कुछ शरारती तत्वों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में गांव मैहना खेड़ा में बने गौरव पट्ट पर कालिख पोतने व बाद में उसे तोड़ने की शिकायत दर्ज करवाई है।
शुक्रवार को स्थानीय थाना में पहुंचे करीब 50 लोगों ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि गांव में लगे गौरव पट्ट पर ठाकर गरवा राम का नाम अंकित किया हुआ था। गुरुवार शाम करीब 6:00 बजे गांव के सामान्य वर्ग के लोगों ने कुछ शरारती तत्वों के साथ मिलकर उक्त गौरव पट्ट पर लिखे नाम पर कालिख पोत दी। जिसके बाद उनकी बिरादरी के मौजूदा पंचायत के दो मेंबर रतिराम तथा डॉ. कर्ण सिंह ने गांव की शांति व भाईचारे के लिए उस कालिख को साफ कर दिया। उसके कुछ समय बाद उन शरारती लोगों ने कुछ दबंग लोगों के साथ मिलकर उस गौरव पट्ट को तोड़ कर फेंक दिया। इतना ही नहीं उन लोगों ने वहां मौजूद बिरादरी के कुछ लोगों को जाति सूचक गालियां भी निकाली। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि गांव का माहौल बिगाड़ने वाले, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले, जातिसूचक गालियां निकालने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अगर प्रशासन ने ऐसा ना किया तो वे लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस पर रमेश, सुल्तान, सतबीर, सुरेंद्र, भूपेंद्र, रोहताश, विक्रम, बलबीर, बंटी, सुुधीर तथा गांव के अन्य लोग वहां पर मौजूद रहे।