ओढ़ां। गांव जलालआना के ग्रामीणों ने दो युवकों पर ड्रा के माध्यम ईनाम निकालने का लालच देकर उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये की ठग्गी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस पर दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी शिकायत में ठाणा सिंह, गुरदीप सिंह, लखवीर सिंह, बिंद्र सिंह, भोली कौर, जसविंद्र कौर, पाल कौर व कुलविंद्र कौर ने बताया कि वे सभी लोग दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। उनके पास कालांवाली निवासी अमन व उसकी मां व नरेंद्र सहित 3 लोग आए। जिन्होंने कहा कि वे पंजाब की एक कंपनी में कार्य करते हैं। उक्त युवकों ने कंपनी द्वारा निकाले जा रहे ईनामों का हवाला देते हुए कहा कि वे 46 सदस्यों का ग्रुप बनाकर एक सप्ताह के हिसाब से 10 रुपये भरें। जिसमें हर सप्ताह कूलर, फ्रिज, बेड, टीवी व सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा अन्य घरेलू सामान ड्रा के जरिए निकाले जाएंगे। दोनों युवकों ने बीते वर्ष के मार्च माह में ये स्कीम शुरू की थी। शिकायत कर्ताओं ने बताया कि उक्त युवक हर सप्ताह गांव में आते और ईनाम निकालकर पैसे एकत्रित कर ले जाते। इस योजना में प्रति व्यक्ति को पहले सप्ताह में 10 रुपये व अगले सप्ताह में 10 रुपये बढ़ाकर पैसे देना अनिवार्य किया गया था। दोनों युवकों ने गांव में 92 लोगों के 2 ग्रुप बनाए। जिनमें से 32 लोगों के तो छोटे-मोटे ईनाम निकाल दिए। लेकिन जब अन्य लोगों की बारी आई तो उक्त युवकों ने गांव में आना बंद कर दिया। शिकायत कर्ताओं के अनुसार उन्होंने जब उनसे संपर्क किया तो उन्होंने बार-बार फोन करने के बाद 20 ग्रामीणों को 27 मई को यह कहकर बठिंडा बुलाया कि ईनाम बठिंडा में निकाले जाएंगे। जब सभी लोग ईनाम लेने के लिए बठिंडा गए तो उन्हें वहां पर बताए गए स्थान पर युवकों का कोई ऑफिस नहीं मिला और न ही उनका फोन पर संपर्क हो पाया। 20 लोग पूरा दिन बठिंडा में युवकों का पता ढूंढते रहे। लेकिन उनमें से कोई नहीं मिला। गुरदीप सिंह व ठाणा सिंह ने बताया कि दोनों युवक गांव में 2 ग्रुप बनाकर 92 लोगों से 6300 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से करीब डेढ़ लाख रुपये एकत्रित कर ले गए। युवकों ने ये योजना 10 रुपये के साथ शुरू की थी। जो हर सप्ताह 10 रुपये बढ़ाकर भरने होते थे। ये योजना एक वर्ष के लिए थी जिसमें हर सप्ताह गांव में जाकर ड्रा निकाला जाता था। शिकायत कर्ताओं का कहना है कि वे उक्त लोगों से पिछले काफी समय से संपर्क कर रहे हैं। दोनों युवक उन्हें हर बार कोई न कोई आश्वासन देकर टरकाते रहे। जब उन्होंने युवकों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करवाने की बात कही तो वे उन्होंने उनके साथ गाली-गलौच करते हुए धमकी दी है। वहीं इस बारे कंपनी मेें कार्य करने वाले युवक कालांवाली निवासी अमन से संपर्क किया गया तो उसने कहा कि वह गांव से किश्तेें लेकर जाता था। लेकिन कंपनी में कोई दिक्कत आने की वजह से उसने कंपनी छोड़ दी है।
वर्जन
इस विषय में शिकायत आई है। मामले की जांच के लिए एएसआई को निर्देश दे दिए गए हैं। मामले में जो भी दोषी होगा उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पवन कुमार, थाना प्रभारी, ओढां