डबवाली। वार्ड नंबर 12 के एक घर में वेश्यावृत्ति की सूचना पर शहर थाना पुलिस के प्रभारी व महिला थाना की प्रभारी ने छापा मारकर दो व्यक्तियों को मौके से काबू किया, लेकिन मकान मालिक व एक अज्ञात युवक व युवती मौके से फरार हो गए। इससे पूर्व मोहल्लावासियों ने हंगामा हुए घर पर धावा बोल दिया और पुलिस को सूचना भी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
मोहल्लावासियों ने बताया कि इस घर में एक युवक व युवती आई और उसके बाद दो व्यक्ति घर में दाखिल हुए। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने उन्हें घर में जाते देख लिया। इस पर मोहल्लावासी घर के बाहर एकत्रित हो गए। पास के मकान में रह रहे एक व्यक्ति व उसकी पत्नी ने बताया कि जब वे खाना खा रहे थे तो एक युवक व युवती भाग रहे थे। उन्होंने उन्हें पकड़ने का प्रयास भी किया लेकिन वह उन्हें पकड़ नहीं सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकान मालिक की पत्नी व बच्चे चंडीगढ़ में रहते हैं और वह घर पर अकेला ही रहता है।
शहर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार एवं महिला थाना प्रभारी डॉ. नन्हीं देवी ने बताया कि सूचना के आधार पर वार्ड 12 के एक घर पर छापा मारा गया। जिसमें गांव जोगेवाला निवासी 45 वर्षीय रणजोत सिंह व 60 वर्षीय गुरसेवक सिंह को गिरफ्तार किया गया है। जबकि मौके से मकान मालिक, एक 30 वर्षीय युवक व 18 वर्षीय युवती फरार होने में सफल रहे। शहर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।