130 ग्राम हेरोइन सहित दो युवक गिरफ्तार
सिरसा। पुलिस ने गश्त के दौरान गांव खैरेकां से 90 ग्राम और गांव बणी क्षेत्र से 40 ग्राम हेरोइन के साथ दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना सिरसा पुलिस ने गश्त के दौरान गांव खैरेकां क्षेत्र से एक युवक को 90 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है । युवक की पहचान विजय पाल निवासी खैरेंका के रूप में हुई है। पुलिस ने पकड़े गये युवक से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर दो लोगों के खिलाफ थाना सदर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक बनवारी लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव खैरेंका क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान सामने से आ रहे युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। शक के बिनाह पर पुलिस ने युवक को काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 90 ग्राम हेरोईन बरामद हुई। युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। बरामद हेराइन की कीमत करीब नौ लाख बताई जा रही है।
वहीं रानियां थाना पुलिस टीम ने गश्त के दौरान गांव बणी क्षेत्र से कार सवार एक युवक को चार लाख रुपये की 40 ग्राम हेरोईन के साथ काबू किया है। युवक की पहचान छत्तरपाल निवासी गांव बणी के रुप में हुई है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ थाना राणियां में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी मुकेश रानी ने बताया कि करीवाला चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक प्रेम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव बणी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान सामने से आ रही कार में सवार युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की तो शक के बिनाह पर टीम ने कार सवार युवक को काबू कर उसकी तलाशी ली। उसके कब्जे से 40 ग्राम हेरोईन बरामद हुई । उन्होंने बताया कि पकड़े गये युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।