अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। एक गांव निवासी महिला से मल्लेकां निवासी एक व्यक्ति ने बहलाकर चोपटा क्षेत्र के खेतों में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि दस दिन पूर्व वह मायके लिए आ रही थी। फतेहाबाद बस स्टैंड पर उसे मल्लेकां गांव निवासी बाबूराम मिल गया। उसने उसे गांव ले जाने की बात कहकर उसे बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद उसने चोपटा क्षेत्र के खेतों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दे दी। उसने पहले तो डर की वजह से किसी को नहीं बताया। लेकिन बार-बार आरोपी के द्वारा उसे परेशान किए जाने पर उसने सारी कहानी अपने परिजनों को बता दी। जिसके बाद परिजन उसे लेकर महिला थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी है।
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि पिपली गांव निवासी बिंद्रपाल ने उसके साथ शादी करने की बात कहकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी करने की बात कही तो वह टाल मटोल करता रहा। आरोप लगाया कि हरजीत सिंह व अमनदीप निवासी मसीतां ने भी उसके साथ गलत कार्य करने की कोशिश की। लेकिन उसके शोर मचाने पर वह किसी तरह बची। जब उसे अपने साथ हुए धोखे का पता चला तो उसने थाने में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। गांव पिपली निवासी एक निजी बस चालक पर एक आठ साल की बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बच्ची ने पहले तो डर की वजह से कुछ नहीं बताया। जब परिजनों ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी कहानी बताई। जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस को दी शिकायत में बच्ची के परिजनों ने बताया कि 23 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे गांव पिपली निवासी एक निजी बस का चालक बच्ची को बहलाकर कहीं ले गया और उससे अश्लील हरकतें की। बच्ची के शोर मचाने पर वह मौके से भाग गया। किसी तरह बच्ची घर पहुंची। वह काफी सहमी हुई थी। दो-तीन दिनों तक बच्ची ने कुछ नहीं बताया। लेकिन बाद में उसने पूरी घटना बताई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर पोस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।