अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
12 साल आयु तक की बच्चियों के साथ दुराचार के मामले में बेशक सरकार ने फांसी की सजा प्रावधान कर दिया हो, लेकिन ऐसे घिनौने कृत थमने का नाम नहीं ले रहे। सिरसा में सोमवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही एक मासूम बच्ची को टॉफी का लालच देकर एक युवक उसे सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। तभी एक ग्रामीण ने उक्त युवक को बच्ची के साथ देख लिया और शोर मचाया। पकड़े जाने के डर से युवक बच्ची को छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के लिए पांच टीमों का गठन किया है। पुलिस अधीक्षक व एएसपी नरेंद्र बिजारनिया पुलिस टीमों से हर पल आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अपडेट ले रहे हैं।
जानकारी के अनुसार डिंग में एक राजकीय प्राथमिक पाठशाला में कक्षा दूसरी में पढ़ने वाली बच्ची सोमवार दोपहर दो बजे छुट्टी होने के बाद रोटी खाने अपनी दादी के घर चली गई। इसके बाद वह घर आने लगी तो रास्ते में एक 28 वर्षीय युवक उसके पास आया। बच्ची के पिता का कहना है कि उक्त युवक ने उसकी बेटी को पांच रुपये का नोट दिखाते हुए कहा कि ‘बेटा आओ तुम्हे टॉफी दिलाता हूं’। बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने युवक उसे रेलवे लाइन के पास सुनसान खाली जगह में ले गया। युवक अपने घिनौने इरादे को पूरा करने वाला ही था कि एक ग्रामीण ने उसे बच्ची के साथ देख लिया। शोर मचाने पर युवक मौके से भाग गया। उक्त ग्रामीण बच्ची को उसके घर ले गया और परिजनों को सारी बात बताई। बच्ची के माता-पिता ने बच्ची को संभाला और डिंग थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास की सूचना मिलने पर डिंग थाना प्रभारी बलवंत जस्सू मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्ची के परिजनों से सारे घटनाक्रम की जानकारी हासिल की और मां का बयान दर्ज करके आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपी युवक की पहचान मेघराज निवासी कोटली के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी में जुटी पांच टीमें
पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश जारी किए। इसके बाद आरोपी मेघराज को गिरफ्तार करने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया। जांच अधिकारी सुनीता रानी का कहना है कि उनकी टीम आरोपी के संबंधित ठिकानों में दबिश दे रही है। 24 घंटे के अंदर हर हाल में आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।
अपहरण व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
आरोपी मेघराज ने दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की है। उसके खिलाफ अपहरण व पॉक्सो एक्ट की धार 4/18 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। बच्ची की मेडिकल जांच करवाई की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ जारी है। जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।
-विजय कक्कड़, एएसपी, सिरसा।