अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन के पूर्व चेयरमैन व जेजेपी जिलाध्यक्ष अमीर चावला के पुत्र कर्ण चावला की गाड़ी छीनने के लिए बदमाश बाजार से ही गाड़ी का पीछा कर रहे थे। बदमाशों ने पीछे से टक्कर मार कर नई फॉरच्यूनर लूट ली। यह घटना उस समय हुई जब वह अपने दोस्त सरताज मेहता के साथ बी ब्लाक आवास से अपने घर राम कालोनी में आ रहा था।
किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए फॉरच्यूनर गाड़ी की तलाश में रेकी कर रहे तीनों बदमाशों को बाजार में कर्ण चावला की नई फॉरच्यूनर गाड़ी मिल गई। इसके बाद वे बाजार से ही उसकी रेकी करते हुए बरनाला रोड पहुंच गए। जिस बीट कार को संदेश चला रहा था वह अंबाला कैंट के मनप्रीत सिंह के नाम पर है। संदेश ने फॉरच्यूनर के पीछे गाड़ी ठोक दी और गाड़ी से निकलते ही बदमाशों ने दोनों को पिस्तौल दिखाकर लूट लिया। कर्ण चावला का मोबाइल गाड़ी में ही था। इसलिए उसने अपने दोस्त सरताज के मोबाइल से कंट्रोल रूम को सूचना दी। जगसीर और लखविंद्र ने फॉरच्यूनर छीनते ही उसे बरनाला रोड से डबवाली बाईपास की ओर भगा लिया। गाड़ी में कर्ण के रखे मोबाइल को बाहर फेंक दिया।
सिविल लाइन एसएचओ ने निजी कार से किया पीछा
एसएचओ सुखजीत सिंह को सूचना मिलते ही वे बाबा भूमणशाह चौक पर पहुंच गए। उसी समय वहां पर हुडा चौकी से पुलिस कर्मचारी सुरेश भी पहुंच गए। एसएचओ सुखजीत सिंह ने उसे अपनी निजी गाड़ी में बैठाया। वे डबवाली रोड से ही दोनों गाड़ियों का पीछा करने लग गए। गांव साहुवाला से करीब तीन किलोमीटर आगे संदेश गाड़ी को रोक कर फोन पर बात करने लगा। जैसे ही एसएचओ ने उसकी गाड़ी के बराबर गाड़ी लगाई तो उसने एकदम से गाड़ी भगा ली। एसएचओ ने गाड़ी पीछे लगा दी। पूरे जिले में नाकाबंदी होने पर जैसे ही संदेश बीट कार को लेकर ओढ़ा पहुंचा तो ओढां व सिविल लाइन पुलिस ने उन्हें गांव में घेर लिया। पुलिस को देख बदमाश ने गाड़ी को घुंकावाली-नुहियांवाली रोड की ओर भगा लिया। आगे से सिविल लाइन व पीछे से ओढां पुलिस की गाड़ी को देखकर बदमाश ने कार को वापस मोड़ने का प्रयास किया। संतुलन बिगड़कर गाड़ी एक मकान के गेट से टकरा गई।
पिस्तौल चल जाता तो हो सकता था नुकसान
गेट के साथ गाड़ी की टक्कर होने पर मकान मालिक व आस-पड़ोस के लोग बाहर आ गए। सिविल लाइन एसएचओ सुखजीत सिंह ने बताया कि जैसे ही बदमाश गाड़ी से निकला तो उसने पुलिस पर पिस्तौल तान दी। गोली चलाने के लिए ट्रिगर दबाया, मगर गनीमत रही कि पिस्तौल जाम हो गई। अगर गोली चल जाती तो नुकसान हो सकता था।
फॉरच्यूनर में था सिर्फ 25 किलोमीटर चलने का तेल
जानकारी अनुसार आरोपियों ने जब कर्ण से फॉरच्यूनर गाड़ी लूटी तो उसमें तेल बिल्कुल कम था। शिकायतकर्ता अनुसार वह करीब 25 किलोमीटर तक चल सकती थी। ऐसे में आरोपियों ने डबवाली के चौटाला क्षेत्र में पहुंचने से पहले हाइवे से किसी पंप से ही तेल डलवाया है। पुलिस अब इस जांच में जुटी है कि आरोपियों ने किस पंप से गाड़ी में तेल डलवाया। डबवाली बाईपास से लेकर ओढ़ा तक करीब आठ पेट्रोल पंप हाइवे पर स्थित हैं।
आठ महीने पहले सिरसा में दो कारें लूटी थी तीनों ने
तीनों बदमाशों पर सिरसा में दो कारें लूटने के पहले भी मामले दर्ज है। जिसमें कि करीब आठ महीने पहले सिरसा शहर में एक आई 20 कार भी लूटी थीं। इसके बाद बेगू क्षेत्र में भी एक कार लूटी गई। तीनों ने ही एक साथ इन वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस मुठभेड़ में मारे गए जगसीर उर्फ सीरा निवासी भेखा जिला मोगा पंजाब का रहने वाला है। जगसीर उर्फ सीरा के खिलाफ करीब 33 आपराधिक मामले हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व चंडीगढ़ में दर्ज थे और वह मोस्ट वांटेड था। जिसमें कि अधिकतर अपहरण, हत्या, जानलेवा हमले, छीना झपटी, डकैती के है।
बाकी दो पर भी दर्ज हैं केस
आरोपी लखविंद्र उर्फ लखा निवासी नथेवाल थाना बाघा पुराना के रूप में हुई है। लखविंद्र के खिलाफ भी सिरसा में दो मामले दर्ज हैं। पंजाब व हरियाणा में कुल चार मामले दर्ज हैं। आरोपी संदेश उर्फ सैंडी निवासी ढाणी संगरिया हनुमानगढ़ के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी संदेश को सिरसा अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया गया।
संगरिया में करना चाहते थे प्रवेश
फॉरच्यूनर सवार दोनों बदमाश गाड़ी को लेकर रात 12:40 मिनट पर चौटाला क्षेत्र में हनुमानगढ़ बाईपास पर पहुंचे। चौटाला पुलिस के चौकी प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में हाईवे पर हनुमानगढ़ बाईपास पर नाकाबंदी की जब पुलिस ने उक्त गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो गाड़ी में सवार लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किए तो गाड़ी अनियंत्रित हो गई और संगरिया रोड पर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। जगसीर के सिर पर गोली लगी और वह अचेत हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा रेफर किया, जहां उसकी मौत हो गई। चौटाला चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए आरोपी की जगसीर उर्फ सीरा के पास से 9 एमएम की पिस्तौल सहित कुल 34 कारतूस मिले हैं। तीनों आरोपियों ने हनुमानगढ़ में कमरा किराए पर लिया हुआ था। आपराधिक वारदात को अंजाम देने के बाद वे संगरिया के रास्ते हनुमानगढ़ में चले जाते थे।