महंगा पड़ा ऑनलाइन मोबाइल मंगवाना, 12200 की लगी चपत
सिरसा। ऑनलाइन वेबसाइट पर सामान मंगवाने के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले सप्ताह ही सिरसा निवासी एक युवक को ठगों ने अपना शिकार बनाया था। इस सप्ताह के शुरूआत में भी ठगों ने एक युवक को अपना शिकार बना लिया और मोबाइल के नाम पर उससे 12200 रुपए ऐंठ लिए।
सिरसा के कंगनपुर रोड निवासी नवीन कुमार ने बताया कि वह कारपेंटर का काम करता है। उसने बताया कि रविवार को उसने ओलेक्स साइट पर एमआई का मोबाइल 8 हजार रुपये कीमत में ऑनलाइन बुक करवाया था। सुबह मोबाइल बुक करवाने पर सांय को उसने पेटीएम से पेमेंट कर दी। कोरियर कंपनी के एक कर्मचारी जिसने अपना नाम श्रीकांत बताया, ने उसे फोन कर बताया कि मोबाइल कोरियर हो चुका है। सोमवार तक कोरियर ब्वाय लेकर पहुंच जाएगा। सोमवार सांय तक वह इंतजार करता रहा। लेकिन कोरियर ब्वाय नहीं आया। उसने श्रीकांत के नंबर पर फोन मिलाया तो उसने कहा कि कोरियर भेजने में देरी हो गई है, जिसका जुर्माना 2100 रुपए एक बार भरना पड़ेगा। उसने 2100 रुपए पेटीएम से और जमा करवा दिए। कुछ देर बाद फिर उसके पास फोन आया कि जुर्माने की राशि बढ़ा दी गई है। 2100 रुपये और जमा करवा दो। ये राशि आपको कोरियर ब्वाय वापस कर देगा। उसने श्रीकांत की बातों में आकर 2100 रुपये की राशि और जमा करवा दी। मंगलवार की दोपहर तक इंतजार किया। लेकिन कोरियर उसके पास नहीं पहुंचा। जब उसने श्रीकांत के फोन पर कॉल की तो किसी ने फोन ही नहीं उठाया। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। युवक ने पुलिस को शिकायत दी है।