अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। पुरानी आइटमों की खरीद-बेच करने वालों के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध करवाने वाली एक वेबसाइट पर एक कार का विज्ञापन देखकर सी-ब्लॉक निवासी युवती ठगी का शिकार हो गई। वेबसाइट एक कार बेचने का विज्ञापन देखा। युवती को कार पसंद आ गई। कार के साथ-साथ उनका रेट भी उसे उचित लगा। लगभग 90 हजार रुपये की ठगी के बाद पीड़ित की ओर से शहर सिरसा पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया है।
सी-ब्लॉक निवासी दीक्षिता गोयल ने पुलिस में दर्ज करवाई अपनी शिकायत में बताया कि उसे वेबसाइट पर एक कार पसंद आई। कार का मॉडल, कलर और रेट पसंद आने पर उसने वेबसाइट पर दिए गए विक्रेता के नंबर पर फोन किया। फोन करने पर उससे कुछ कागजात की मांग की गई और साथ ही 5100 रुपये खाते में जमा करवाने के लिए कहा गया। उसने विश्वास करके इंस्टालमेंट में 90 हजार 98 रुपये बताए गए अकाउंट में जमा करवा दिए। उसने बताया कि उसकी कार खरीदने को लेकर नवीन सिंह तोमर व विजय कुमार यादव से बातचीत हुई। इनके कहने पर ही उसने यह राशि उनके अकाउंट में जमा करवाई। शहर सिरसा पुलिस ने दीक्षिता गोयल की शिकायत पर नवीन सिंह तोमर व विजय कुमार यादव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।