अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। स्क्रैप कारोबारी की कार में मिले 28 लाख रुपये के मामले में शनिवार दोपहर आयकर विभाग की टीम रोहतक से सिरसा पहुंची। विभाग के उपनिदेशक अमित कुमार के नेतृत्व में आई इस टीम ने शहर थाने में मामले से जुड़े दस्तावेज खंगाले। इसके बाद टीम ने स्क्रैप कारोबारी गगन गोयल को पूछताछ के लिए बुलाया। दोपहर एक बजे कारोबारी गगन गोयल आयकर अधिकारियों समक्ष पेश हुआ। अधिकारियों ने उसे 28 लाख रुपये को लेकर दस्तावेज पेश करने को कहा। इसके लिए आयकर अधिकारियों ने गगन गोयल को दो घंटे का समय दिया। इसके बाद कारोबारी ने सारे दस्तावेज पेश करने के लिए कुछ समय मांगा। आयकर अधिकारियों ने उसे नोटिस देकर रुपयों का सारा लेखा-जोखा रोहतक कार्यालय में पेश करने का निर्देश दिया। शहर थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि आयकर विभाग की टीम डिप्टी डायरेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व में आई है। पुलिस ने चार सदस्यीय टीम को मामले से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए। पुलिस ने 28 लाख रुपये व कार को 102 सीआरपीसी के तहत जब्त किया है। कारोबारी गगन गोयल आयकर विभाग को 28 लाख रुपये का पूरा ब्योरा पेश नहीं कर सका तो ये राशि सरकारी खजाने में जाम करवाई जाएगी। शाम साढे़ पांच बजे आयकर विभाग की टीम पुलिस थाने से रवाना हो गई।
बता दें कि वीरवार रात नाइट डोमिनेशन के तहत जेजे चौकी प्रभारी दाताराम सिविल अस्पताल रोड पर वाहनों की जांच कर रहे थे। पुलिस ने देर रात करीब तीन बजे एक सफेद कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट पर नोटों से भरी एक बोरी मिली। पुलिस ने कार सवार दो लोगों से पूछताछ की तो चालक सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान स्क्रैप कारोबारी गगन गोयल निवासी गांधी कॉलोनी व दूसरे व्यक्ति की पहचान नानिया निवासी जेजे कॉलोनी के रूप में हुई। चौकी इंचार्ज दाताराम ने पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर को घटना के बारे में बताया तो पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर मौके पर पहुंचे। इसके तुरंत बाद सीआईए की टीम भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने बोरी से नोट निकालकर गिनती शुरू की तो कुल रकम 28 लाख रुपये निकली। गगन गोयल द्वारा पुलिस को रुपयों के बारे में स्पष्ट जवाब न पाने के कारण पुलिस ने रकम के साथ व्यापारी की कार जब्त कर ली थी।