डबवाली। विगत शुक्रवार को गांव अबूबशहर निवासी एक विवाहिता द्वारा अपने दोनों बच्चों के साथ राजस्थान कैनाल में छलांग लगाने के मामले में पुलिस गोताखोरों की सहायता से उसकी 5 वर्षीय बेटी को तलाश कर रही थी। मंगलवार शाम करीब 8 बजे मृतका 5 वर्षीय कोमल का शव जंडवाला बिश्नोईयां के समीप बरामद हुआ। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। बुधवार को चौटाला पुलिस ने मृतका कोमल के दादा राम कुमार के ब्यानों के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जिसका बाद दोपहर संस्कार कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि विगत शुक्रवार की दोपहर गांव अबूबशहर निवासी एक विवाहिता मंजू ने अपने 8 वर्षीय बेटे कृष व 5 वर्षीय बेटी कोमल के संग राजकैनाल में छलांग लगा दी थी। इस घटना में नहर में डूब रहे बेटे को उसी समय ग्रामीणों ने बाहर निकाला और डबवाली के सामान्य अस्पताल में ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद तलाश के दौरान मंजू का शव भी घटना के तीन दिनों बाद पुलिस को राजस्थान कैनाल से मिला। राजस्थान कैनाल में ही मृतका मंजू की बेटी कोमल की तलाश की जा रही थी। तलाश के दौरान उसका शव भी गांव जंडवाला बिश्नोईयां के समीप राजस्थान कैनाल में ही मिला।चौटाला पुलिस चौकी इंचार्ज शैलेंद्र कुमार व जांच अधिकारी एएसआई प्रेम कुमार ने बताया कि कोमल के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम करवाने उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है।