पुराने तार बदलने के दौरान ठेकेदार के कारिंदों से विवाद
कालांवाली। बिजली निगम की ओर से शहर में पुरानी तारों को बदलने व बिजली के मीटर खंभों पर लगाने का कार्य किया जा रहा हैै। जिस दौरान शनिवार को पुरानी मंडी में गली नीम वाली में ठेकेदार के करिंदो ने शहरवासियों की ओर से डाली गई निजी तार काट दीं। इस पर ठेकेदार के करिंदो व शहरवासियों में जमकर विवाद हुआ। शहरवासियों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए रोष व्यक्त किया।
गली निवासी अशोक कुमार, पवन कुमार, कृष्ण बांसल ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से आज उनकी गली में तारों बदलने व मीटर बदलने का काम किया जा रहा था कि इस दौरान ठेकेदार के करिंदों ने उनकी ओर से निजी तौर पर डाली गई थ्री फेस की तार को भी बिना बताए काट दिया। तार कटने से लाइट की सप्लाई बंद हो गई। उन्होंने बताया कि यह तारें उन्होंने निजी तौर पर डाली थी ताकि बिजली की सप्लाई में दिक्कत न आए। लेकिन करिंदों ने बिना किसी से पूछे व जांच किए सभी तारों को काट दिया। उन्होंने बताया कि करिंदे अब उन्हीं तार को जोड़ कर बिजली का कनेक्शन करने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने टूटी हुई तार से कनेक्शन लगवाने से इंकार कर दिया। यदि ठेकेदार द्वारा उन्हें नई तार से कनेक्शन नहीं दिया तो वे इस संबंध में थाना में शिकायत दर्ज करवाएंगे।
इसी तरह गली निवासी वरुण कुमार, कृष्ण जिंदल, सुभाष कुमार, सौरभ कुमार ने बताया कि ठेकेदार के करिंदों ने उनकी भी निजी तारों को काट दिया और पुरानी तारों से ही कनेक्शन को जोड़ा जा रहा है। जबकि सरकार का निर्देश है कि टूटी हुई तारों को बदलना है और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बिजली के जोड़ों को खत्म करना है लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार की ओर से पुरानी तारों का ही प्रयोग किया जा रहा है जोकि जांच का विषय है। इस सबंध में निगम के जेई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ठेकेदार के करिंदो नेे थ्री फेस की तारें गलती से काट दी। जिसके लिए वे ठेकेदार को ही तार डालने के लिए कहेंगे और जहां बिजली की पुरानी तारें डाली गई है। वह उनकी जांच करेंगे और जरूरत हुई तो उन्हें बदलवा देंगे।