मुजफ्फरनगर। शहर के वहलना चौक स्थित नाले में शनिवार दोपहर बाद युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लाश करीब एक पखवाड़े पुरानी है, जिसकी शनाख्त नहीं हो सकी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में वहलना चौक के निकट स्थित नाले में शनिवार दोपहर बाद एक युवक की लाश पानी में डूबी हुई मिली। घटनास्थल पर नाले से बदबू आने की शिकायत पर कुछ लोग मौके पर पहुंचे थे, जिन्होंने लाश देख पुलिस को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस नवरत्न गौतम मौके पर पहुंचे और लाश को बाहर निकलवाया। करीब 35 वर्षीय युवक पेंट-शर्ट के साथ ही पैरों में जूते भी पहने हुआ था। युवक के पास से ऐसा कोई सामान या कागजात नहीं मिले, जिससे उसकी शनाख्त हो सके। इंस्पेक्टर के अनुसार लाश करीब 15 दिन पुरानी है, जो काफी फूली हुई है। जांच में युवक के शराब के नशे में नाले में गिरकर पानी में डूबने से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।