महिला से मोबाइल छीनने के मामले में दोनाें युवक गिरफ्तार
हजारों रुपये की जुआ राशि के साथ छह काबू
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
शहर डबवाली थाना पुलिस ने बीती तीन जुलाई को आदर्श नगर मंडी डबवाली निवासी एक महिला से दो मोबाइल फोन छीनने के मामले में घटना के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उधर, सीआईए सिरसा पुलिस ने सूचना के आधार पर रानियां रोड क्षेत्र से सार्वजनिक स्थल पर जुआ खेलते छह लोगों को 26500 रुपये की जुआ राशि और ताश के साथ काबू किया।
मोबाइल फोन छीनने के मामले में पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनदीप सिंह और जगमीत सिंह निवासीगण गांव बांडी थाना संगत पंजाब के रूप में हुई है। पकड़े गए दोनाें आरोपियों की निशानदेही पर छीने गए दोनों मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया गया है। इस संबंध में आदर्श नगर निवासी महिला गीता देवी पत्नी तरुण कुमार की शिकायत पर शहर डबवाली थाना में भादंसं की धारा 379ए/34 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
एक अन्य मामले में सीआईए सिरसा पुलिस ने गश्त के दौरान महत्त्वपूर्ण सूचना के आधार पर रानियां रोड क्षेत्र से सार्वजनिक स्थल पर जुआ खेलते छह लोगों को 26500 रुपये की जुआ राशि व ताश के साथ काबू किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि निवासी बेगू रोड, गुरचरण निवासी गली मोचियावाली, छिंदा सिंह, धर्मपाल सिंह, पम्मा व रविंद्र निवासीगण रानियां चुंगी क्षेत्र सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने जुआ राशि व ताश को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में अभियोग दर्ज किया है।