अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने के मामले में महिला ने ब्लाक प्रमुख और दो रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पड़ोसी जनपद फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज के आजादनगर निवासी रामसेवक की पत्नी अनुपमा देवी ने गुगरापुर के पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेंद्र सिंह, महमूदपुर निवासी उमेश कुमार व उसके चाचा अहिवरन के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया।
पीड़िता ने बताया कि दो साल पूर्व उसके रिश्तेदार उमेश और अहिवरन ने जमीन बेचने का हवाला देकर उससे एक लाख 78 रुपये लिए थे। जबकि उक्त लोगों ने जमीन किसी दूसरे को बेच दी। पैसा मांगने पर पूर्व ब्लाक प्रमुख ने पूरा पैसा लौटाने की जमानत दी थी। जबकि अब पूर्व ब्लाक प्रमुख व उक्त रिश्तेदार पैसा मांगने पर उसे धमकी दे रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी आमोद कुमार का कहना हैं कि मामला दर्ज कर लिया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- महिला ने रुपयों को हड़प करने का लगाया आरोप