अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
मंगाला क्षेत्र मेंमहिला को बंधक बनाकर एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि 20 अप्रैल को वह सिर दर्द की दवाई लेने गांव में ही स्थित दवाखाने में गई थी। कुछ दिनों पहले उन्होंने एक चारपाई ठीक करवाने के लिए वेल्डिंग की दुकान में दी थी। महिला का आरोप है कि जब वह दवा लेकर वापस लौट रही थी तो वेल्डिंग दुकानदार अशोक कुमार ने उसे आवाज लगाकर बुलाया। उसने कहा कि चारपाई ठीक हो गई है अंदर आकर देख लो। महिला का कहना है कि जब वह दुकान के अंदर गई तो अशोक ने दुकान का शटर बंद कर दिया। इसके बाद उसने उसे धमकी दी कि शोर मचाया तो जान से मार दूंगा। धमकी से वह डर गई और अशोक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद अशोक उसे दुकान के अंदर बंद करके बाहर चला गया। उसने शोर मचाया तो पड़ोस के दुकानदारों ने शटर खोलकर उसे बाहर निकाला। घर जाकर महिला ने परिजनाें को आपबीती बताई। परिजन उसे लेकर मल्लेकां पुलिस चौकी पहुंचे। जांच अधिकारी उर्मिला का कहना है कि महिला की शिकायत पर आरोपी अशोक कुमार को बंधक बनाकर रेप करने का केस दर्ज किया है। महिला के मजिस्ट्रेट समक्ष कलमबद्ध बयान दर्ज करवा दिए गए हैं।
आठवीं की छात्रा का अपहरण
सिरसा। गांव कंगनपुर से एक नाबालिग का अपहरण हो गया। नाबालिग की मां ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज करके नाबालिग की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने कहा है कि उनकी बेटी कक्षा आठवीं में पढ़ती है। 26 अप्रैल की सुबह वह घर से स्कूल गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने संदेह जताया है कि किसी अज्ञात शख्स ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया है। जांच अधिकारी दर्शना देवी का कहना है कि अज्ञात शख्स के खिलाफ अभियोग दर्ज करके लापता युवती की तलाश की जा रही है। जल्द ही नाबालिग को तलाश कर लिया जाएगा।