अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
इनेलो जिलाध्यक्ष एवं आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पदम जैन के पुत्र गौरव जैन ने बेगू रोड स्थित उनकी दो फर्मों होटल एवं रेस्टोरेंट व रिजोर्ट्स में उनके सहयोगी रहे व्यवसायी अशोक गोलछा, उनकी पत्नी मंजु देवी व उनके दामाद फरीदाबाद निवासी अभिषेक जैन के खिलाफ व्यवसाय में एक षड्यंत्र के तहत 60 लाख रुपये की धोखधड़ी करने को लेकर धारा 420, 468, 467, 471 व 120 बी के तहत शहर सिरसा पुलिस थाना में केस दर्ज कराया है।
थाना शहर सिरसा पुलिस को दी शिकायत में गौरव जैन ने कहा कि वर्ष 2013 में उसके पिता के साथ बेहतर संबंध रखने वाले भादरा बाजार सिरसा की गली पारखां वाली निवासी अशोक गोलछा ने उसे अपनी जमीन पर होटल एवं रिसोर्ट का सहभागिता में व्यवसाय आरंभ करने का प्रस्ताव दिया। इस प्रस्ताव में गौरव जैन को मंजु देवी ने आगामी 30 वर्षों तक भूमि लीज पर देना स्वीकार किया था। दो फर्मों के आधार पर अपना व्यवसाय आरंभ किया। इस व्यवसाय को आरंभ करने से पूर्व दोनों पक्षों के रूप में 24 मई 2013 को डीड बनाई गई। पहली फर्म की डीड रिद्धी-सिद्धी होटल एवं रेस्टोरेंट के नाम से तैयार की गई, जिसमें 50 फीसदी के पार्टनर के रूप में गौरव जैन और 50 फीसदी के रूप में अशोक गोलछा दर्शाए गए थे। दूसरी फर्म भी रिद्धी-सिद्धी रिसोर्ट के नाम से बनाई गई, जिसमें गौरव जैन की पत्नी नीतू जैन एवं अशोक गोलछा की पत्नी मंजु गोलछा 50-50 फीसदी के पार्टनर दर्शाए गए। जैन के मुताबिक उन्होंने अपनी पत्नी के साथ इस व्यवसाय में करीब 60 लाख रुपये लगाए। इस व्यवसाय को बेहतर तरीके से चलाने के लिए बैंक व कुछ अन्य मदों से ऋण भी लिया गया, जो करीब 10 करोड़ रुपये तक था।
-------
जैन ने कहा है कि होटल एवं रिसोर्ट ने नवंबर 2014 से पूरी तरह काम करना आरंभ कर दिया। अशोक गोलछा ने उन्हें इस आर्थिक चुनौती से निपटने के लिए एक तीसरे सदस्य को व्यवसाय में शरीक करने का परामर्श दिया जो आर्थिक तौर पर सुदृढ़ हो। भरोसे के चलते उन्होंने अशोक गोलछा को इस कार्य के लिए स्वीकृति दी जिस पर उन्होंने फरीदाबाद निवासी अभिषेक जैन को उनके व्यवसाय के तीसरे पार्टनर के रूप में परिचित करवाया।
उन्हाेंने यह भी शिकायत की कि उनके संज्ञान में आया है कि उनकी पत्नी नीतू जैन के भी फर्जी हस्ताक्षर फर्म के सदस्य के रूप में करवाए गए हैं। बाद में तीनाें ने षड्यंत्र के माध्यम से उनको दोनों फर्मों से बेदखल किया है जबकि उन्होंने इन दोनों फर्मों में 60 लाख रुपये की राशि के साथ-साथ इसे और बेहतर बनाने में अपना पूरा योगदान दिया।
----------------
दस्तावेजों के आधार पर होगी जांच : बेनीवाल
इस सिलसिले में शहर थाना प्रभारी अमित बेनीवाल ने बताया कि गौरव जैन की ओर से दी गई शिकायत केस के रूप में दर्ज कर ली गई है। अब आरोपों के हिसाब से ही दस्तावेजों की जांच की जाएगी और उसके मुताबिक ही अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।