नींद आने से अनियंत्रित होकर फुटपाथ से जा टकराई गाड़ी, जेबीटी की मौत
सिरसा। नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के चालक को नींद आने से एक गाड़ी अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकरा गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार जेबीटी टीचर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक की जेब से मिले आईडी कार्ड से उसकी पहचान रमनीत सिंह बराड़ निवासी वार्ड नंबर पांच कालांवाली के रूप में हुई। रमनीत सिंह जेबीटी टीचर था और इन दिनों उसकी ड्यूटी डबवाली क्षेत्र में थी।
जानकारी के अनुसार कालांवाली निवासी 35 वर्षीय रमनीत वर्ष 2004 में जेबीटी भर्ती हुआ था और डबवाली क्षेत्र स्थित एक गांव में उसकी ड्यूटी थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। रमनीत का परिवार कुछ समय से डबवाली में ही रह रहा है। रविवार को वह कालांवाली में अपने किसी दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए गाड़ी लेकर आया था। रात करीब दो बजे वह पार्टी खत्म करके हांडीखेड़ा में रहने वाले अपने एक दोस्त के फार्म हाउस पर चला गया। यहां से तड़के पांच बजे वह गाड़ी लेकर डबवाली जाने के लिए रवाना हुआ। गांव खैरेकां के पास नेशनल हाईवे के फ्लाइओवर पर उसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर फुटपाथ में जा घुसी। रफ्तार ज्यादा होने के कारण गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिससे रमनीत की मौके पर ही मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी जगदीश जोशी का कहना है कि नींद की झपकी आना हादसे का मुख्य कारण रहा। मृतक के चचेरे भाई विक्रम सिंह का बयान दर्ज करके इस मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।