मानसिक परेशानी के चलते व्यक्ति ने फंदा लगाकर दी जान
ऐलनाबाद। शहर के वार्ड नंबर 15 में एक व्यक्ति ने घरेलू परेशानी के चलते अपने ही घर में फंदा लगाकर जान दे दी। व्यक्ति ने मरने से पूर्व एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। जिसमें उसने लिखा है कि वह अपनी मौत का स्वयं जिम्मेवार है। उसके ससुराल पक्ष के लोगों को उसकी बॉडी के हाथ न लगाने दिया जाए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार ऐलनाबाद के वार्ड नंबर 15 निवासी करीब 25 वर्षीय महेंद्र पुत्र राजकुमार की शादी करीब 8 माह पहले हुई थी। पिछले कुछ समय से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी परेशानी के चलते उसने शनिवार रात्रि को अपने ही घर में बने चौबारे पर रस्सी से फंदा लगाकर पंखे से लटक गया। सुबह परिजनों को घटना के बारे में पता चला। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को उतरवाकर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया। वहीं पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। ऐलनाबाद थाना प्रभारी विरेंद्र गिल ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
ये लिखा है सुसाइड नोट में:
मृतक की जेब से पुलिस को जो सुसाइड नोट मिला है, उसपर मृतक ने लिखा है कि अपनी मौत का वह स्वयं जिम्मेदार है। मेरे मरने के बाद मेरी मौत के लिए किसी को तंग न किया जाए। वहीं उसने अंत में ये भी लिखा है कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों को उसकी बॉडी को हाथ न लगाने दिया जाए।