अमर उजाला ब्यूरो
ओढां।
ओढां पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लकड़ी चोरी के आरोप में सूरेवाला (राजस्थान) निवासी एक व्यक्ति को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी से पिकअप में भरी चोरीशुदा लकड़ी भी बरामद की है।
चार दिन पूर्व ओढां पुलिस ने शीशम चोरी के आरोप में वन रक्षक सुनील कुमार की शिकायत पर लकड़ी चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। विभाग के ब्लॉक ऑफिसर हरी सिंह कस्वां ने बताया कि जांच उपरांत ये सामने आया है कि आरोपी लकड़ी को पिकअप में डालकर राजस्थान के सूरेवाला क्षेत्र में लेकर गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में वन विभाग से डीआर महेंद्र कुमार, ईएफआर गुरप्यार सिंह, सुखजीत सिंह और गार्ड सुनील कुमार पर आधारित पांच सदस्यीय टीम ने सुबह ओढां पुलिस के एएसआई राजकुमार को साथ लेकर सूरेवाला में दस्तक दी। अधिकारियों ने सूरेवाला चौकी में उपस्थिति दर्ज करवाते हुए वहां की पुलिस को साथ लेकर आरोपी कुलविंद्र सिंह के घर रेड मारी।
इस दौरान पुलिस ने आरोपी कुलविंद्र को काबू कर उसके नोहरे में छुपाकर रखी शीशम की लकड़ी व पिकअप बरामद कर ली। बताया जा रहा है कि आरोपी रात के समय छोटी आरा मशीन से लकड़ी काटकर कुछ ही देर में पिकअप में डालकर फरार हो जाते थे। पुलिस आरोपी से ये पूछताछ कर रही है कि ओढां आदि क्षेत्र में इस कार्य में उनके सहयोगी कौन है।
डबवाली और कालांवाली रेंज क्षेत्र में पिछले लंबे समय से लकड़ी चोरी का सिलसिला जारी था, जिसके चलते वन विभाग के अधिकारी वन माफिया को रंगे हाथों काबू करने के लिए उनके पीछे लगे हुए थे। ब्लॉक ऑफिसर हरी सिंह कस्वां ने बताया कि डबवाली और कालांवाली रेंज क्षेत्र में वन माफिया काफी लंबे समय से सक्रिय था। उन्होंने बताया कि आरोपी से अन्य लकड़ी चोरी बारे पूछताछ की जाएगी।
ओढां पुलिस ने काबू किए गए कुलविंद्र निवासी सूरेवाला को अदालत में पेश किया जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने बताया कि आरोपी से उसके अन्य साथियों और लकड़ी चोरी की वारदात के बारे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम बताए हैं जिनके लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि ये लकड़ी चोरी का एक गिरोह है जो रात के समय नहरों के किनारे लकड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।