डबवाली। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डबवाली पुलिस ने गांव दादू निवासी आरोपी वकील सिंह उर्फ वकीला की करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी है। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 8 प्राथमिकी दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने बताया कि कार्रवाई के तहत आरोपी की 14 कनाल कृषि भूमि, बैंक खाते में जमा राशि और एक बाइक को फ्रीज किया गया है। आदेश के अनुसार फ्रीज की गई संपत्ति का मूल्य 21 लाख 46 हजार 202 रुपये है जबकि कृषि भूमि के कलेक्टर रेट के आधार पर कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी ने कहा कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है बल्कि उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कस रही है। नशे के नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए ऐसी संपत्तियों की पहचान कर फ्रीज और जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नशे की कमाई से बनाया प्रतिष्ठान सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा। संवाद