सिरसा: जागरूकता टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते एसपी दीपक सहारन।
सिरसा। जिले में नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने की दिशा में आवाज सिरसा की वेलफेयर ट्रस्ट ने जागरूकता मुहिम का शुभारंभ किया है। बुधवार सुबह पुलिस अधीक्षक कार्यालय प्रांगण में एसपी दीपक सहारण ने मुहिम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम से प्रभावित होकर सामाजिक संस्थाएं आगे आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन नशे की सप्लाई चेन तोड़ने और डिमांड समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, लेकिन इस बुराई को पूरी तरह खत्म करने के लिए सामाजिक संस्थाओं, ग्राम पंचायतों और युवा क्लबों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। एसपी ने कहा कि जब गांव के सरपंच और ग्रामीण स्वयं जागरूक होंगे, तभी नशे के सौदागरों को परास्त किया जा सकेगा।
ट्रस्ट का यह अभियान जिले के हर घर तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाएगा। पुलिस विभाग इस मुहिम में ट्रस्ट को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। मुहिम के तहत ट्रस्ट की टीमें घर-घर जाकर युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करेंगी। इसके अलावा शहर के आस-पास के क्षेत्रों में एम्बुलेंस सेवाएं भी शुरू की गई हैं, जो नशे से पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद करेंगी।
सरपंचों ने लिया गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प
कार्यक्रम में विभिन्न गांवों के सरपंचों और ग्रामीणों ने अपने-अपने गांवों को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर सरपंच राम स्वरूप, दीपक सोनी, कृष्ण सांधा दड़बी, होशियार, धर्मपाल, तरसेम सामा, बलजिंदर, सोम प्रकाश रसूलपुर, लवप्रीत खैरका, मनीषा कंबोज, मनु राज, रानी आदि मौजूद रहे।