सिरसा। राजकीय नेशनल महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से बुधवार को एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। इसके तहत नशामुक्ति रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही स्वच्छता अभियान और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सेवा, अनुशासन तथा जनकल्याण का संदेश दिया गया। प्राचार्या डॉ. अनीता सिंह ने परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली सिहाग हॉस्पिटल और न्यू बस स्टैंड सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर पहुंची। स्वयंसेवकों ने नशाविरोधी नारों वाली तख्तियां लेकर लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्या ने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए गंभीर अभिशाप है। युवाओं को अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए और स्वच्छता तथा नशामुक्ति का संदेश फैलाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. जीतराम ने ‘स्वयं से पहले आप’ के ध्येय वाक्य का उल्लेख करते हुए स्वयंसेवकों से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। शिविर में विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के संचालन एवं संयोजन में एनएसएस यूनिट-2 के प्रभारी प्रो. शाहबाज अख्तर, यूनिट-5 की प्रभारी डॉ. मंजू बाला और यूनिट-6 की प्रभारी डॉ. सरबजीत कौर ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रेस प्रवक्ता डॉ. सत्यपाल, डॉ. सूरज रंजन, डॉ. गुलाबवती और प्रो. हैप्पी सिंह ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में नागरिक बोध, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना विकसित करते हैं।