People on Bridge construction sight place
गांव वैदवाला के निकट नेशनल हाईवे पर रविवार को अंडर ब्रिज का निर्माण शुरू हो गया है। निर्माण कार्य शुरू करवाने से पूर्व कई गांवों के लोगों ने अरदास की। इसके बाद बुजुर्ग प्रीतम सिंह से इसका शुभारंभ करवाया। इसके बाद अब कई गांवों के लोगों को सिरसा आने के लिए सुविधा होगी।
रविवार दोपहर बाद गांव वैदवाला के निकट नेशनल हाईवे (फोरलेन बाईपास) पर अंडर ब्रिज का निर्माण शुरू हो गया। गांव हांडी खेड़ा के सरपंच आत्माराम सहारण ने बताया कि इस अंडर ब्रिज के निर्माण से गांव हांडीखेड़ा, वैदवाला के लोगों को सिरसा आने के लिए अब दूरी कम हो जाएगी। हाईवे से क्रॉसिंग न होने के कारण लोगों को कई किलोमीटर घूमकर आना पड़ता है। इसलिए लोगों ने बाईपास का निर्माण रुकवाकर धरना दे दिया था, जिसके बाद विभाग ने उनकी मांग मान ली थी। आज निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में खुशी है। निर्माण का शुभारंभ बुजुर्ग प्रीतम सिंह और एनएच अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अरदास भी की गई। अंडर ब्रिज के निर्माण शुभारंभ पर गांव वैदवाला के सरपंच सर्वजीत सिंह, हांडी खेड़ा सरपंच आत्मा राम सहारण, नंबरदार महावीर हांडी खेड़ा, सुरजीत सिंह बराड़, गुरमंगत सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित थे। बता दें कि नेशनल हाईवे से कई गांवों का रास्ता बंद होने पर लोगों ने अंडर ब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर कई दिनों तक धरने-प्रदर्शन किए थे।