सिरसा। शहर में पेयजल की किल्लत और लो प्रेशर की शिकायतों के बीच जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने मंगलवार को ऑटो मार्केट और डबवाली रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने ऑटो मार्केट में 10 सर्विस स्टेशनों के पेयजल कनेक्शन काट दिए, जबकि अजय विहार क्षेत्र में दो सर्विस स्टेशनों पर 43,750 रुपये का जुर्माना लगाया गया। डबवाली रोड पर दो सर्विस स्टेशनों को नोटिस भी जारी किया गया।
कार्रवाई के बाद ऑटो मार्केट में सर्विस स्टेशन संचालकों में हड़कंप मच गया। यह अभियान एसडीओ दीपक के नेतृत्व में जेई जश्नपाल, जिला सलाहकार राकेश सोगलान, बीआरसी प्रेम सहारण, राजेश कुमार, सीता राम, ओम प्रकाश सहित टीम द्वारा चलाया गया।
एसडीओ दीपक ने बताया कि जांच में सामने आया कि कुछ सर्विस स्टेशन संचालक अवैध रूप से पेयजल का उपयोग वाहनों की धुलाई में कर रहे थे, जिससे आम उपभोक्ताओं को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल का व्यावसायिक उपयोग नियमों के खिलाफ है।
विभाग ने बताया कि पिछले तीन महीनों में 192 नए घरेलू कनेक्शन जारी किए गए हैं, जबकि 358 लोगों को अवैध कनेक्शन के मामले में नोटिस दिए गए हैं। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का दुरुपयोग न करें और अवैध उपयोग की सूचना दें। जुर्माने के तहत अजय विहार के एक सर्विस स्टेशन पर 27 माह के हिसाब से 33,750 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि अन्य मामले में भी कार्रवाई की गई।