कालांवाली। कस्बे के वार्ड-6 में हुई सनसनीखेज लूटपाट में चौकी कालांवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाबालिग सहित चार आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को अदालत के आदेश पर नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह करनाल भेजा गया जबकि अन्य आरोपी कुलबीर, विक्की और मनी कुमार को रिमांड पर लिया गया है।
रिमांड के दौरान पुलिस ने लूटी गई 2.51 लाख की नकदी, सोने की इयररिंग, चांदी का कड़ा और एक स्मार्टवॉच बरामद की। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त चाकू, दो बाइक और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। एसपी जसलीन कौर ने बताया कि 19 जून को एक महिला के घर में घुसकर स्वयं को इन्वर्टर मैकेनिक बताने वाले बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर करीब 3.50 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए कालांवाली, थाना कालांवाली, चौकी कालांवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी।