सिरसा में जमीन विवाद में युवा कांग्रेस के हलकाध्यक्ष की हत्या का मामला सामने आया है। हमले में उसके पिता घायल हो गए। 38 एकड़ जमीन के विवाद में खेत से लौट रहे पिता-पुत्र पर हमला किया गया था। पुलिस ने सौतेले भाई सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
सिरसा के कालांवाली में 38 एकड़ जमीन के विवाद में मंगलवार सुबह युवा कांग्रेस के हलकाध्यक्ष लवप्रीत सिंह की कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई। हमले में उनके पिता नाजम सिंह घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
पुलिस ने मृतक के सौतेले भाई सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। देर रात तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। जांच अधिकारी देवीलाल के अनुसार, कालांवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचाराधीन नाजम सिंह ने शिकायत में बताया कि उनकी दो शादियां हुई थीं।
पहली पत्नी से एक बेटा गुरलाल और एक बेटी है, जबकि दूसरी पत्नी से लवप्रीत इकलौता बेटा था। दोनों भाइयों के बीच 38 एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी कारण गुरलाल करीब आठ महीने पहले लवप्रीत से अलग हो गया था। कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था।
विज्ञापन
Trending Videos
नाजम सिंह के अनुसार, मंगलवार सुबह वह और लवप्रीत खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरलाल अपने परिचितों के साथ वहां पहुंचा और उन पर कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। राहगीर दोनों को कालांवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। लवप्रीत की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला नागरिक अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लवप्रीत ने जताई थी जान को खतरा होने की आशंका
लवप्रीत के साले हैप्पी सिंह ने आरोप लगाया कि उनके जीजा लवप्रीत ने करीब दो महीने पहले कालांवाली के डीएसपी और थाना प्रभारी को शिकायत देकर गुरलाल का लाइसेंसी हथियार जमा करवाने की मांग की थी।
लवप्रीत ने अपनी जान को खतरा होने की आशंका भी जताई थी। लवप्रीत की शादी चार साल पहले हुई थी। उनका तीन साल का एक बेटा है। उनके दादा मीत सिंह गांव के तीन बार सरपंच रह चुके हैं। पुलिस ने गुरलाल सिंह सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।