सिरसा में नगर परिषद कर्मियों का प्रदर्शन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ कर नगर परिषद कार्यालय में बैठाने के मामले को लेकर अब पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गोकुल सेतिया व उसके समर्थकों पर एससीएसटी सहित अन्य धारा लगाकर मामला दर्ज किया है। वहीं नगर परिषद के कर्मचारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर काम छोड़ धरना शुरू कर दिया है। जिसके चलते नगर परिषद के सभी कार्य भी अब प्रभावित हो रहे हैं।
बुधवार को नगर परिषद में गोकुल सेतिया व उसके समर्थकों ने सेवादार पर रिश्वत लेने के आरोप लगा उसे कार्यालय के कमरे में ही डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा। जिसके चलते नगर परिषद में करीब तीन घंटे तक हंगामा होता रहा। इस दौरान नगर परिषद के कर्मचारी और गोकुल सेतिया के समर्थक भी आमने सामने हो गए थे। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उक्त युवक को हिरासत में ले लिया और दोनों पक्षों को अपने साथ थाने में ले गई। जिसके बाद अब नगर परिषद के कर्मचारी ने गोकुल सेतिया व उसके समर्थकों के खिलाफ धमकी देने, जातिसूचक गाली निकालने, प्रतिबंधित करने की धारा लगाकर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है।
नगर परिषद कर्मचारियों ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
गोकुल सेतिया की ओर से युवक को बंधक बनाने, प्रताड़ित करने के खिलाफ नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने लघु सचिवालय के समक्ष प्रदर्शन किया और गोकुल सेतिया व उसके समर्थकों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई है। वहीं सभी कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय में काम भी बंद कर दिया और धरने पर बैठे है। नगर परिषद के कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि अगर उनकी मांगों को जल्द ही पूरा नहीं किया गया तो वह सफाई का कार्य भी बंद कर हड़ताल पर बैठेंगे ।
रिश्वत मामले में पकड़ने को किसी आम व्यक्ति को नहीं अधिकार: डीएसपी
वहीं डीएसपी साधूराम ने बताया कि किसी भी आम व्यक्ति को रिश्वत मामले में पकड़ने का कोई भी अधिकार नहीं है। अगर कोई व्यक्ति किसी से रिश्वत मांगता है तो उसे पकड़ने के लिए नियम है और अलग-अलग टीमें है। जिसे वह शिकायत देकर मौके पर पकड़वा सकता है। लेकिन किसी भी आम व्यक्ति को इस तरह से पकड़ने का अधिकार नहीं है। मामले की शिकायत पीड़ित की ओर से दी गई है। जिसके आधार पर गोकुल सेतिया सहित उसके समर्थकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- साधूराम, डीएसपी, सिरसा ।